फतेहाबाद। धनतेरस के लिए जिले के बाजार पूरी तरह सजे हुए हैं। दिवाली से पहले मनाए जाने वाले इस पर्व में इस बार भी दुकानदार खूब खरीदारी की उम्मीद लगाए बैठे हैं। धनतेरस के दिन बर्तन और गहने खरीदना शुभ माना जाता है। शहर के आभूषण कारोबारियों के पास सैकड़ों लोगों ने गहनों की एडवांस बुकिंग करवा ली है। इन्हें धनतेरस के शुभ मुहूर्त में डिलिवरी मिलेगी। कारोबारियों के अनुसार शादियों के लिए भी इन दिनों गहनों की खूब खरीदारी हो रही है। ज्वेलर्स ने ग्राहकों को लुभाने के लिए जीरो मेकिंग चार्ज, सोने के साथ चांदी के सिक्के फ्री और लक्की कूपन जैसे ऑफर निकाले हैं। बर्तन कारोबारियों ने भी अगले दो दिन के लिए अतिरिक्त स्टॉक दुकानों पर रख दिया है। धनतेरस पर इस बार भी 50 से 60 करोड़ रुपये से भी अधिक कारोबार की उम्मीद है। ऑटोमोबाइल सेक्टर भी पूरे जोरों पर हैं। अलग-अलग कंपनियों के डीलरों के यहां गाड़ियों की बुकिंग एक महीने पहले ही शुरू हो गई है। गाड़ियां खरीदने वालों के लिए डीलर ही लोन की व्यवस्था भी करवा रहे हैं।
बर्तन कारोबारी तरुण तनेजा व सुशील भाटिया ने बताया कि दुकानों में स्टील, पीतल, तांबा के बर्तन विभिन्न डिजाइनों में अलग-अलग कीमतों पर उपलब्ध हैं। धनतेरस के दिन बर्तन खरीदना शुभ होता है। ऐसे में हर परिवार अपने बजट के अनुसार बर्तन खरीदता है। बर्तनों की दुकान में ग्राहकों की मांग के अनुसार हर रेंज में बर्तन उपलब्ध हैं।
बाजार की रौनक देखने पहुंचा बेल्जियम से आया परिवार
बेल्जियम से आया परिवार वीरवार को फतेहाबाद शहर के बाजारों में खरीदारी के लिए पहुंचा। फतेहाबाद शहर स्थित एमसी कॉलाेनी निवासी अमितोज पिछले 13 वर्षों से बेल्जियम में निजी कंपनी में जॉब करते हैं। उनकी बेल्जियम में ही सोफी के साथ शादी हुई है। दिवाली के त्याेहार से पहले परिवार सात हजार किलोमीटर की दूरी तय करके फतेहाबाद पहुंचा है। 27 नवंबर को वापस जाएंगे। अमितोज और सोफी के दो बच्चे हैं। सोफी के साथ उनकी मम्मी की सहेली भी आई है, जिनको यहां की संस्कृति पसंद आ रही है। सोफी ने बताया कि वह धनतेरस व दिवाली के उपलक्ष्य में बर्तनों की खरीदारी करने पहुंचीं तो बाजार के सभी लोग उत्सुकता से देख रहे थे। कुछ लोगों ने उनके साथ फोटो भी करवाई। बेल्जियम में डच भाषा बोली जाती है, इस कारण सोफी को हिंदी समझ नहीं आई। उनके पति अमितोज ने उनको डच भाषा में अनुवाद करके बताया।
कोट
धनतेरस पर हर बार ग्राहकों की ओर से जमकर खरीदारी की जाती है। इस बार भी ग्राहकों की मांग के अनुसार हर तरह के डिजाइनदार गहने उपलब्ध हैं। शादियों के लिए भी लोग गहने बनवा रहे हैं।
नवीश सचदेवा, ज्वेलर
कोट
ऑटोमोबाइल सेक्टर दिवाली पर पूरे जोरों पर हैं। एक महीने पहले से ही गाड़ियों के लिए एडवांस बुकिंग शुरू हो गई थी। धनतेरस पर भी गाड़ियों की डिलिवरी की जाएगी। दिवाली के दिन तक जिले में 200 से अधिक गाड़ियों की बिक्री होने की संभावना है।
कुलदीप ज्याणी, ब्रांच मैनेजर, गर्ग मोटर्स
कोट
धनतेरस के दिन बाजार में खरीदारी के लिए ग्राहकों की भीड़ त्योहारी सीजन में सबसे अधिक मानी जाती है। इसलिए व्यापारियों व दुकानदारों ने बाजारों को पूरी तरह हर तरह के सामान से सजा दिया है। स्थानीय कारोबार को बढ़ावा देने के लिए उम्मीद है कि लोग अधिक से अधिक खरीदारी करेंगे।
-अशोक नारंग, प्रधान, व्यापार मंडल