बड़ोपल नहर पर विसर्जन यात्रा निकालते श्रद्धालु
फतेहाबाद। गणेश चतुर्थी के उपलक्ष्य में शहर के विभिन्न मंदिरों में सजाए पंडालों व घरों में स्थापित की गई भगवान गणेश की मूर्तियों को श्रद्धालुओं ने गांव बड़ोपल में बनी नहर पर जाकर विसर्जन किया। इस दौरान श्रद्धालु ढोल नगाड़ों व डीजे में बज रहे भजनों पर झूमते हुए नजर आए तथा रंग गुलाल व फूलों की वर्षा करते हुए नहर तक पहुंचे।
इसके बाद नहर पर पूजा-अर्जना की गई और भगवान गणेश की मूर्तियों को विसर्जित किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश से अगले बरस फिर से आने की मनोकामना मांगी। पूरा दिन शहर में गणपति बप्पा मोरया के जयकारे लगते रहे। जीटी रोड पर एक के बाद एक जत्थे बड़ोपल नहर की ओर रवाना होते रहे।
गौरतलब है कि 7 सितंबर को श्रद्धालुओं ने मंदिरों के साथ-साथ घरों में भगवान गणेश की मूर्तियां स्थापित की थी। इनका विसर्जन मंगलवार को किया गया। फतेहाबाद शहर व आसपास के गांवों में स्थापित मूर्तियों को विसर्जित किया गया। शहर के मनकामेश्वर मंदिर, धर्मशाला रोड, भीमां बस्ती, नीलकंठ महादेव मंदिर सहित अनेक स्थानों पर पंडाल लगाए हुए थे और प्रतिदिन भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की जा रही थी।
सिंचाई विभाग और पुलिस के कर्मचारी रहे मुस्तैद
दोपहर बाद से शहर से जुलूस के रूप में श्रद्धालु बड़ोपल नहर की ओर जाना शुरू हो गए। नहर पर मेले जैसे माहौल रहा। भीड़ ज्यादा होने के कारण सिंचाई विभाग और पुलिस विभाग के कर्मचारी मुस्तैद रहे। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखा। वहीं, सिंचाई विभाग के कर्मचारी भी नहर में उतरने वाले श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्था बनवाने में मदद करते रहे। नहर के किनारे श्रद्धालुओं ने गणेश प्रतिमाओं के संग सेल्फी खींची। शाम तक सूरज डूबने के बाद भी लोग प्रतिमा विसर्जन के लिए पहुंचते रहे।