रतिया सरपंचों को संबोधित करते हुए विधायक जरनैल सिं
रतिया। क्षेत्र के सरपंचों की बैठक वीरवार बीडीपीओ कार्यालय में आयोजित की गई। इसमें कांग्रेस विधायक जरनैल सिंह भी पहुंचे। सरपंचों ने विधायक के सामने उनके सामने आने वाली समस्याएं रखीं। जिस पर विधायक ने आश्वासन दिया कि वे उनकी आवाज विधानसभा में उठाएंगे और सीएम से भी मिलेंगे।
सरपंचों ने कहा कि रतिया क्षेत्र के गांवों में विकास कार्यों के लिए सरकार की तरफ से बहुत कम ग्रांट दी जा रही है, जिस कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इसके अलावा रतिया खंड के ग्राम सचिवों के बार-बार तबादले किए जा रहे हैं। सरपंचों को उनकी मनपसंद के ग्राम सचिव नहीं मिल रहे हैं।
सरपंचों ने कहा कि जब भी वे ग्राम सचिव की नियुक्ति के लिए अधिकारी के पास जाते हैं वे उन्हें यह कहते हैं कि ऊपर से फोन करवा दो।
इस पर विधायक ने कहा कि अगर ग्राम सचिवों को लेकर राजनीतिक हस्तक्षेप करके तबादले किए जा रहे हैं तो वह इस बारे में मुख्यमंत्री सैनी के साथ-साथ विभाग के निदेशक से मिलकर सरपंचों की पसंद के ग्राम सचिव दिलवाने की पहल करेंगे।
विधायक जरनैल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि सरपंचों की जितनी भी समस्याएं हैं वह उनको विधानसभा में उठकर हल करवाने का प्रयास करेंगे। उनके कार्यकाल में रतिया हल्के में विधायक निधि व डी प्लान और अन्य योजनाओं के तहत करीब 4.50 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए गए हैं। इतने ही कार्य पाइपलाइन में है।
बैठक में सरपंच जसविंदर सिंह, सुखजिंदर सिंह, अरविंद सिहाग, सतपाल कंबोज, पंचायत समिति के अध्यक्ष केवल मेहता, पंचायती राज उपमंडल अधिकारी कुलदीप सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।