फतेहाबाद। भट्टू अनाज मंडी में भारतीय कपास निगम की ओर से की जा रही कपास खरीद में तौल और कटौती पर विभागीय कार्रवाई की गई है। किसानों की शिकायत में प्रति क्विंटल कपास में लगभग 10 किलोग्राम की कटौती और दो क्विंटल की गड़बड़ी सामने आई।
शिकायत मिलने के बाद नाप-तौल विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित कॉटन मिल के डिजिटल मीटर को सीज कर दिया। विभाग ने स्पष्ट किया कि जब तक मीटर की सही स्थिति की पुष्टि नहीं हो जाती, तब तक इसमें किसी भी तरह की छेड़खानी नहीं की जा सकेगी।
जिले के भट्टू खंड के किसानों ने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच के लिए उपायुक्त से गुहार लगाई थी। इसके बाद यह कार्रवाई अमल में लाई गई है। किसानों ने आरोप लगाया कि सीसीआई के लिए खरीद कर रही मिलें तौल में मनमाने तरीके से कटौती कर रही हैं। किसानों का कहना है कि फसल मंडी में लाने पर प्रति क्विंटल लगभग 10 किलो कटौती की जा रही है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
-
नाप-तौल विभाग ने की कार्रवाई
किसानों की शिकायत के बाद उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने मामले का संज्ञान लिया और नाप-तौल विभाग को जांच के आदेश दिए। विभाग की टीम ने तत्काल प्रभाव से भट्टू मंडी से जुड़ी कॉटन मिल का दौरा किया। जांच के दौरान अनियमितता की आशंका के चलते विभाग ने मिल में इस्तेमाल हो रहे डिजिटल वजन मीटर को मौके पर ही सीज कर दिया।
-
मंडी में खरीद का कार्य सीसीआई कर रही है। वजन में गड़बड़ी पाए जाने पर नाप-तौल विभाग को ही कार्रवाई करनी होती। उनका इस मामले से कोई सीधा लेना-देना नहीं है।
-निशांत, सचिव, भट्टू मार्केट कमेटी।
:: खरीद करने के बाद अगर वजन में कटौती की जाती है यह गलत है, सीसीआई की ओर से खरीदी गई फसल की तौलाई उसी धर्मकांटे से करवाई की जा रही है, जिसको मार्केट कमेटी की ओर से अनुमति दी गई है। अगर तौल में गड़बड़ी है तो इसकी जांच करवाने का काम मार्केट कमेटी का है। सीसीआई किसानों के साथ है।
-सुभाष कुमार, सीसीआई, निदेशक, सिरसा।