जिले में डेंगू का डंक लगातार बढ़ता जा रहा है। अभी तक 185 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है।
जबकि करीब 12 लोगों की मौत भी हो चुकी है।
इसी कड़ी में डेंगू से पीड़ित एक छात्र की भी शनिवार देर रात मौत हो गई। जबकि उसकी बहन का सिरसा के एक अस्पताल में उपचार चल रहा है।
छात्र का रविवार सुबह गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने अभी तक मौत के कारणों की पुष्टि नहीं की है।
सतीश कालोनी निवासी भूपेंद्र पाल की बेटी गुड्डू कई दिनों से बुखार से पीड़ित थी और उसका सिरसा के शाह सतनाम जी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
इसी दौरान 16 साल के भाई कुनाल को भी बुखार हुआ और उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों ने उसे भी अस्पताल में दिखाया और जब डाक्टरों ने जांच की तो रिपोर्ट में डेंगू की पुष्टि हुई।
परिजनों के अनुसार कुनाल का अभी अस्पताल में उपचार चल ही रहा था कि इस दौरान उसने शनिवार देर रात को दम तोड़ दिया। कुनाल एपेक्स स्कूल में पढ़ता था और आठवीं कक्षा का छात्र था।
डेंगू से एक दर्जन की हो चुकी है मौत:
जिले में अब तक डेंगू से पीड़ित करीब 12 लोगों की मौत हो चुकी है जिसमें टोहाना के ही 8 मरीज हैं जिनकी मौत हुई है और फतेहाबाद के धर्मशाला रोड के 10 दिन के मासूम बच्चे से उसकी मां छीन ली थी। जबकि विभाग ने अभी तक दो ही मरीजों की पुष्टि की है जिनकी डेंगू के कारण मौत हुई है।
डेंगू मरीजों को आंकड़ा 200 के करीब पहुंचा:
डेंगू का प्रकोप बढ़ता जा रहा है और इसने इस वर्ष पिछले सभी रिकार्ड तोड़ दिए हैं।
अगर हम इस समय बात करें तो प्राइवेट अस्पताल डेंगू के मरीजों से भरे पड़े हैं क्योंकि सिविल अस्पताल में तो इसका उपचार नहीं है।
विभाग के अनुसार ही अब तक जिले में 185 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है।