टोहाना। उत्तर रेलवे ने धुंध के चलते दिल्ली से जाखल जाने वाली रेलगाड़ी संख्या 04431 दिल्ली-जाखल पैसेंजर को 1 दिसंबर से 28 फरवरी तक रद्द कर दिया है। रेलवे विभाग की ओर से इस संबंध में नोटिस चस्पा कर दिया गया है।
दैनिक रेल यात्री संघ के सदस्य हरजीत सिंह ने बताया कि इस नोटिस के अनुसार यह ट्रेन तीन महीने तक के लिए दिल्ली, रोहतक, जींद, नरवाना, टोहाना व जाखल रूट पर रद्द रहेगी। उन्होंने बताया कि दिल्ली से जाखल जंक्शन की तरफ जाने वाली यह एकमात्र पैसेंजर ट्रेन है। इस ट्रेन के रद्द होने से दैनिक यात्रियों, नौकरी पेशा, व्यापारी वर्ग सभी को बहुत परेशानी होगी। इस ट्रेन के रद्द होने से ठंड के दिनों में टोहाना से जाखल जाने वाले यात्रियों को और भी ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ेगी। दैनिक रेल यात्री संघ के सदस्यों ने रेलवे अधिकारियों से अपील की कि टोहाना-जाखल के यात्रियों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए इस ट्रेन को रद्द न किया जाएं अथवा इस ट्रेन को रोहतक व जींद से चलाया जाए।