भूना। भूना- फतेहाबाद रोड पर बाबा राणाधीर चौक के पास तीन मोटरसाइकिल पर आए छह नकाबपोश बदमाशों ने फतेहाबाद से नरवाना जा रही निजी बस पर हमला कर दिया। बदमाशों ने लाठी डंडों व लोहे की रॉड से बस के तीन शीशे तोड़ दिए। गनीमत रही कि चालक व परिचालक और सवारियों को कोई चोट नहीं आई।
उस दौरान बस में लगभग 55 यात्री सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही भूना थाना अध्यक्ष ने हमला करने वाले बदमाशों की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान के लिए अलग-अलग टीम को दिशा-निर्देश दिए। जानकारी के अनुसार, वीरवार देर शाम को फतेहाबाद से चलकर नरवाना जाने वाली आखिरी निजी बस जैसे ही भूना के बाबा राणाधीर चौक पर पहुंची और सवारियां उतारने लगीं तो पीछे से आए तीन मोटरसाइकिल पर छह बदमाशों ने अचानक हमला कर दिया।
बस चालक सोहनलाल ने बताया कि सभी बदमाश नशे में धुत थे। उन्होंने आते ही गाली-गलौज की और बस के शीशे तोड़ने शुरू कर दिए। गनीमत रही कि इस दौरान बस में सवार यात्रियों को कोई भी चोट नहीं लगी, लेकिन बस यात्रियों में दहशत का माहौल पैदा हो गया और वे जोर-जोर से बचाव के लिए चिल्लाने लगे। हमलावर बदमाश बस का एक मेन व दो खिड़कियों के शीशे को तोड़कर मौके से भाग गए। चालक ने बताया कि हमारा किसी भी व्यक्ति के साथ कोई झगड़ा नहीं हुआ और न ही परिचालक ने टिकट के लिए किसी के साथ विवाद किया।
प्राइवेट बस पर तीन मोटरसाइकिल पर आए छह नकाबपोश युवाओं की ओर से लाठी डंडों से हमला करने की शिकायत मिली। इसमें किसी को भी कोई चोट नहीं आई है। हमलावर बदमाशों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज देख रहे हैं। सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- जगदीश कुमार, डीएसपी