पुलिस अधिकारियों से मिलने जाते हुए परिजन व ग्रामीण।
- फोटो : Fatehabad
रतिया। रतिया के रोझावाली के पास शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में गांव भुंदड़वास की महिला और उसके दो बच्चों की मौत के मामले में ग्रामीणों द्वारा हत्या का शक जताने के बाद तीनों के शवों के पोस्टमार्टम डॉक्टरों की विशेष पैनल से करवाया गया। मृतक मां-बेटे का फतेहाबाद और बेटी का पोस्टमार्टम अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों की विशेष टीम द्वारा करवाया गया। वहीं दूसरी तरफ रविवार को मृतकों के परिजन और ग्रामीण सदर थाना में पुलिस अधिकारियों से मिले और मामले की उच्चस्तरीय जांच करवाने के लिए ज्ञापन सौंपा।
भूंदड़वास के पूर्व सरपंच भोला सिंह, सुखबीर सिंह, सुखदेव सिंह, सत्यवीर सिंह, जगसीर, महेंद्रपाल, प्यारा सिंह, पाल सिंह, कुलविंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, पंच प्रतिनिधि चमकौर सिंह सहित परिजनों व ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शनिवार को गांव रोजांवाली के पास महिला और उसके दो बच्चों की मौत का मामला महज सड़क दुर्घटना नहीं बल्कि तीनों की हत्या की गई है। जिस तरह सड़क पर उक्त चारों लोग इकट्ठे एक ही स्थान पर गिरे पाए गए वह महज सड़क दुर्घटना नहीं हो सकती। इसके पीछे बड़ी साजिश है और इस साजिश में कई लोग शामिल हो सकते हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से मांग की कि मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जो भी दोषी है उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर इस मामले में निष्पक्ष जांच न हुई तो उन लोगों को आंदोलन करने पर मजबूर होना पड़ेगा। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि मामले में निष्पक्ष जांच करके उचित कार्रवाई की जाएगी।