फतेहाबाद। जिले के 34 गांवों की फिरनियों को रोशन करने के लिए पंचायती राज विभाग की ओर से मई माह में 4.96 करोड़ की राशि जारी की गई थी। पंचायत राज विभाग को इस राशि का प्रयोग गांवों की फिरनियों और गलियों में फैले अंधेरे को दूर करने के लिए था। मगर राशि जारी होने के करीब 6 माह बाद भी कुछ गांव की फिरनियों पर रोशनी का प्रबंध नहीं हो सका है।
जिले के कुछ गांवों में बिजली के खंभों पर ग्राम पंचायत द्वारा लाइट तो लगा दी है, लेकिन कनेक्शन लेने के लिए बिजली निगम और सरपंचों के बीच पेंच फंसा हुआ है। ऐसे में बहुत से गांव ऐसे हैं जिनमें लाखों की लागत से स्ट्रीट लाइट तो लग गई हैं लेकिन बिजली कनेक्शन जारी नहीं हुआ है। बिजली निगम के अधिकारियों का कहना है कि अगर किसी गांव की पंचायत को स्ट्रीट लाइटों के लिए बिजली कनेक्शन लेना है तो बिजली बिल ग्राम पंचायत को जमा करवाना होगा।
ऐसे में सरपंचों का कहना है कि बिजली बिल ग्राम पंचायत भरने में असमर्थ है। बिजली निगम हर माह उपभोक्ताओं के बिजली बिल में पंचायत टैक्स के तौर पर लाखों रुपये वसूल रहा है। मगर ग्रामीणों को इसका कोई फायदा नहीं मिल रहा है। वहीं जिन गांवाें की स्ट्रीट लाइट्स में बिजली का कनेक्शन हुआ है, उनका बिल ग्राम पंचायत के भरवाया जा रहा है। हालांकि बाद में यह राशि सरकार को ओर ग्राम पंचायतों को दे दी जाएगी।
-
इन गांवों में लगी हैं स्ट्रीट लाइट
गांव भट्टू कलां, भट्टू मंंडी, पीलीमंदोरी, किरढ़ान, मेहूवाला, गोरखपूर, नहला, नाढ़ोड़ी, जांडली कलां, जांडली खुर्द, भिरड़ाना, मताना, बीघड़, हिजरावां कलां, सिधानी, साधनवास, चांंदपुरा, म्योंद बेगांवाली, नागपुर, हड़ौली, अलीकां, जल्लोपुर, बीरांबदी, अहरवां, रत्ताखेड़ा, लाली, फुलां, नांगल, समैन, जमालपुर शेखां, सनियाना, कन्हड़ी और इंदाछोई सहित जिले के 34 गांवों में स्ट्रीट लाइट के लिए 4.96 करोड़ की राशि जारी हुई थी।
:: गांव किरढ़ान में स्ट्रीट लाइट लगाने का काम अधूरा है। जिसको पिछले तीन माह से पूरा नहीं किया गया है। वहीं जो लाइट लग चुकी हैं उनमें बिजली का कनेक्शन जारी नहीं हो सका है।
-राजेश भिंचर, सरपंच गांव किरढ़ान।
-
:: गांवों की फिरनियों पर करीब 15 दिन पहले ही स्ट्रीट लाइट लगाई हैं। जिनमें अभी तक बिजली का कनेक्शन नहीं हुआ है।
-धर्मवीर गोरछिया, सरपंच, गांव पीलीमंदोरी
गांव में लगी स्ट्रीट लाइट में 5 माह के बाद अब बिजली का कनेक्शन जारी हुआ है। जिसका बिल ग्राम पंचायत को जमा करवाना होगा। इन स्ट्रीट लाइटों के लिए एक बिजली का मीटर लगा है।
-नरेंद्र, सरपंच, गांव नाढ़ोड़ी
-
गांव में लगी स्ट्रीट लाइट में बिजली का कनेक्शन जारी किया जा चुका है। जिसका बिल ग्राम पंचायत के द्वारा जमा करवाया जाएगा।
-एडवोकेट दलबीर, सरपंच, गांव मताना
- गांवों की सभी सरकारी संस्थाओं का बिजली बिल पंचायत द्वारा ही जमा करवाया जाता है। ऐसे में स्ट्रीट लाइट का बिल भी ग्राम पंचायतों को जमा करवाना होगा। इसके लिए अगर कोई आवेदन करता है तो उस ग्राम पंचायत को बिजली कनेक्शन दिया जा रहा है। स्ट्रीट लाइट के लिए ग्राम पंचायत के नाम बिजली का मीटर लगाया जाएगा जिसको बिल सरपंच को देना होगा।
-रिपनदीप सिंह, एसडीओ, अर्ध शहरी सब डिविजन।