टोहाना। गांव डांगरा निवासी युवक को कनाडा भेजने के नाम पर 22 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। शहर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पटियाला निवासी दंपती सहित तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में डांगरा निवासी विशाल ने बताया कि पटियाला के धामू माजरा निवासी अवतार सिंह व उसकी पत्नी मनीषा ने मंकुश के साथ मिलकर उसके साथ 22 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। उसने बताया कि उसने बीए तक पढ़ाई की हुई है। उसकी मुलाकात ताऊ के लड़के के साले जींद के गांव धनौरी निवासी बलजिंद्र सिंह से हुई। बलजिंदर ने उससे कहा कि पटियाला में उसकी जानकार विदेश भेजने के लिए पासपोर्ट वीजा का काम करती हैं, जिसके बाद मनीषा का नंबर दिया। उसने बताया कि मनीषा ने कहा कि उनका एलटीस सर्विस फर्म है, जिसका मालिक मंकुश है और कनाडा में स्टडी वीजा व वर्क परमिट लगाने का कार्य करते हैं। उसने बताया कि जनवरी 2023 में मनीषा टोहाना आई और उसने बातचीत में बताया कि वह टोहाना के साथ लगते मूनक की रहने वाली है और अवतार के साथ पटियाला में शादीशुदा है।
उसने बताया कि मनीषा ने कहा कि 22 लाख रुपये में वे कनाडा स्टडी व वीजा लगाने का कार्य करते हैं। इसके बाद मनीषा ने उससे स्कैन किए कागजात मांगे। उसने बताया कि मनीषा ने अवतार व मंकुश से मिलवाया और कहा कि सितंबर तक वीजा लग जाएगा। विशाल ने कहा कि 2 फरवरी 2023 को 2 लाख 90 हजार रुपये, 3 मार्च 2023 को 50 हजार रुपये, 3 अप्रैल 2023 को 3 लाख 50 हजार रुपये, 3 मई 2023 को 6 लाख रुपये सहित 22 लाख रुपये उनके खाते में डलवा दिए। उसने बताया कि रुपये देने के बाद वीजा को लेकर बातचीत की गई तो वीजा नहीं दिया गया और न ही संतोषजनक जवाब दिया। उन्होंने बताया कि वे दोबारा पटियाला गए तो मनीषा ने फर्म के नाम के तीन चेक दिए, जो खाते में लगाने पर बाउंस हो गए। इसके बाद शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 420, 406 व 120 बी आईपीसी के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।