फतेहाबाद। नगर परिषद के मुख्य सफाई निरीक्षक (सीएसआई) सतपाल सैनी का तबादला नगर निगम सोनीपत में कर दिया गया है। उनके स्थान पर फिलहाल किसी अन्य अधिकारी की नियुक्ति नहीं की गई है। इससे शहर में सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और फील्ड मॉनिटरिंग प्रभावित होने की संभावना है। सीएसआई के खिलाफ फरवरी 2026 में बिलों के भुगतान में गड़बड़ी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज हुई थी।
शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आदेशों के अनुसार सतपाल सैनी को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर एचआरएमएस के माध्यम से नई तैनाती स्थल पर ज्वाइन करवाने के निर्देश दिए गए हैं। उल्लेखनीय है कि करीब डेढ़ माह पहले उन्हें जींद का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया था।
17 लाख के बिल में गड़बड़ी का आरोप
सतपाल सैनी के खिलाफ फरवरी में डोर-टू-डोर कचरा उठान एजेंसी के बिलों के भुगतान में गड़बड़ी के आरोप लगे थे। नगर निकाय के कार्यकारी अभियंता अंकित लोहान ने टीम के साथ जांच की थी जिसमें टेंडर की शर्तों की अनदेखी कर करीब 17.20 लाख रुपये के भुगतान का मामला सामने आया था। इसके बाद सीएसआई और संबंधित एजेंसी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।