फतेहाबाद के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बायोमीट्रिक सत्यापन करवाते हुए परीक्षार्
फतेहाबाद। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) 2025 का परिणाम जारी होने से पहले जिले में परीक्षार्थियों का बायोमीट्रिक सत्यापन शुरू हो गया है। जिले में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में केंद्र बनाया है।
सोमवार को बारिश के बावजूद परीक्षार्थियों की भीड़ लगी रही। बोर्ड की तरफ से सत्यापन के लिए 6 टीमें गठित की गई हैं। पहले दिन महिला परीक्षार्थियों की भीड़ ज्यादा रही। बोर्ड की तरफ से जिन परीक्षार्थियों को मैसेज जारी किए गए हैं उन्हीं का सत्यापन हो रहा है।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि जो परीक्षार्थी इस निर्धारित अवधि में अपना बायोमीट्रिक सत्यापन नहीं कराएंगे, उनका परीक्षा परिणाम घोषित नहीं किया जाएगा। ये प्रक्रिया 4 और 5 जुलाई को आयोजित हुई परीक्षा के सभी उम्मीदवारों के लिए अनिवार्य है।
जिले में पीजीटी लेवल तीन की 2458 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी। इसके अलावा लेवल दो की 4001 और लेवल एक 1120 ने परीक्षा दी थी। बोर्ड अब परीक्षा परिणाम की घोषणा से पूर्व बायोमीट्रिक सत्यापन करवा रहा है। अधिकारियों के अनुसार बोर्ड यह सुनिश्चित करना चाहता है कि केवल वास्तविक और योग्य उम्मीदवारों का ही परिणाम जारी हो।
सत्यापन के दौरान परीक्षार्थियों को के मूल प्रवेश पत्र और फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र जांचा गया। जिला शिक्षा अधिकारी संगीता बिश्नोई का कहना है कि बोर्ड की तरफ से जिन परीक्षार्थियों को सूचना भेजी गई है वह सत्यापन करवा लें। बचे परीक्षार्थी केंद्र पर मंगलवार और बुधवार को भी सत्यापन करवा सकते हैं।