फतेहाबाद। जिले के पांच शहरों में सोमवार को पांचवें दिन भी सफाई कर्मचारियों की हड़ताल जारी रही। इस कारण फतेहाबाद, रतिया, टोहाना, भूना और जाखल में लगभग 600 टन कचरा जमा हो गया है। घरों में डस्टबिन कचरे से भरे हैं तो सड़कों पर भी कचरा बिखरा हुआ है।
वहीं घर-घर कचरा उठान काम भी पांच दिन से बंद है। हालात ये है कि नागरिक अस्पताल से भी कचरे का उठान नहीं हो रहा है। हड़ताल मंगलवार के बाद आगे बढ़ने की आसार हैं। शहर फतेहाबाद में पुराना एसडीएम निवास के सामने, कन्या स्कूल के बाहर, पुराना पंजाब नेशनल बैंक के सामने, शिवालय मार्केट के सामने, भट्टू रोड पर नहर कॉलोनी मोड़ पर कचरे के ढेर लग चुके हैं।
फतेहाबाद में सोमवार को हड़ताल की अध्यक्षता इकाई प्रधान नरेश राणा और मंच संचालन सचिव ओम प्रकाश लोट ने किया। हड़ताल के कारण पूरे जिले के शहरों में जगह-जगह कचरे के ढेर लग गए हैं। बारिश का मौसम होने के कारण संक्रामक बीमारियों और महामारी फैलने का गंभीर खतरा पैदा हो गया है।
नगर परिषद कार्यालय में धरने पर बैठे कर्मचारियों को संबोधित करते हुए इकाई प्रधान नरेश राणा व वीरू रत्ती ने कहा कि पिछले 20-20 सालों से कच्चे कर्मचारी महज 9,200 रुपये प्रतिमाह के मामूली वेतन पर काम करने को मजबूर हैं। उस पर भी हर समय नौकरी से हटाए जाने की तलवार लटकी रहती है।
संघ के जिला प्रधान विजय ढाका, वरिष्ठ उपप्रधान रमेश तुषामड़, उपप्रधान अमित गिल और आमंत्रित नेता बेगराज के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने फतेहाबाद जिले का दौरा किया।
-
- जिले में ये कर्मचारी हैं हड़ताल पर
फतेहाबाद : नियमित 28, पालिका रोल 109, ठेका सफाई 60, डोर-टू-डोर 42, एचकेआरएनएल ड्राइवर 13
टोहाना : पालिका रोल 102, नियमित 15, डोर-टू-डोर 60
रतिया : पालिका रोल 56, नियमित 12, डोर-टू-डोर 30 से 35
भूना : पालिका रोल 56, डोर-टू-डोर 25
जाखल : पालिका रोल 18, डोर-टू-डोर 10
-
नगर परिषद प्रशासन की तरफ से हड़ताली कर्मियों को मनाने का प्रयास किया गया है लेकिन कर्मचारी विरोध कर रहे हैं। डोर टू डोर कचरा उठान एजेंसियों को भी नोटिस दिया गया है।
- महेश कुमार, एसआई, नगर परिषद