गांव खाबड़ाकलां में करीब 15 दिन पहले अपहरण के बाद की गई मारपीट में घायल व्यक्ति ने शनिवार को हिसार के निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। भट्टूकलां पुलिस ने इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया। खाबड़ाकलां निवासी करीब 24 वर्षीय रोशन को छह जनवरी को उनके रिश्तेदारों ने भट्टूमंडी से उसका अपहरण कर उसके साथ मारपीट कर बुरी तरह से घायल कर दिया। घायल को अपहरणकर्ता गांव बनावाली व बीघड़ के बीच सड़क पर फेंक गए थे।
मृतक के मामा महेंद्र पुत्र शीशपाल निवासी मताणा ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया था कि मृतक के जीजा महेंद्र निवासी जाखोदखेड़ा व महेंद्र के जीजा पवन निवासी ढिंगसरा व एक अन्य अज्ञात व्यक्ति ने मृतक की पत्नी के साथ षड्यंत्र रचकर उसके भांजे को मारपीट कर फेंक गए। पुलिस ने उक्त आरोपियों पर मामला दर्ज कर मृतक की पत्नी कविता उर्फ सविता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी पत्नी के खिलाफ मोबाइल से सबूत नष्ट करने का मामला भी दर्ज कर लिया था। अब उपचार के दौरान रोशन की मौत होने पर पुलिस ने उक्त आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी राजेश ने बताया कि इस मामले में हत्या की धारा शामिल कर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
दादा और नाना ने नकारा, जेल में मां के साथ रहेगा मासूम
मृतक रोशन का साढ़े तीन वर्षीय बच्चा सौरभ को उसके दादा व नाना द्वारा अपने पास रखने से इंकार करने पर उसे उसकी मां कविता के साथ जेल भेज दिया गया है। इस मासूम को भी दूसरों के अपराध की सजा भुगतनी पड़ रही है। पुलिस ने सौरभ के दादा व नाना दोनों पक्षों से इसे अपने पास रखने की बात कही तो दोनों ही पक्षों ने इंकार कर दिया। ऐसे में बच्चे को उसकी मां के साथ जेल भेज दिया गया।