गांव काजलहेड़ी में सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोमवार रात को दो दोस्तों ने अलग-अलग पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों के शवों को नीचे उतारकर पुलिस को सूचना दिए बिना दफना भी दिया।
आत्महत्या करने के पीछे क्या कारण थे इसका अभी तक स्पष्ट पता नहीं चला है। सूचना मिलने के बाद सदर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कोई भी बोलने को तैयार नहीं है कि सुसाइड क्यों किया है। मृतकों की उम्र 20 से 22 वर्ष के बीच में है तथा दोनों ही बिश्नोई जाति के हैं।
काजलहेड़ी निवासी कुलदीप तथा उसी की ढाणी के नजदीक रहने वाला रविंद्र दोस्त थे। काफी समय से वे इकट्ठे रह रहे थे। ग्रामीणों के अनुसार कुलदीप व रविंद्र एक सप्ताह से लापता थे और सोमवार को ही घर लौटे थे। ग्रामीणों के अनुसार रात 10 बजे तक दोनों को बाइक पर एक साथ देखा गया।
इसके बाद दोनों ने काजलहेड़ी हेड के पास मिलकर शराब पी। मंगलवार सुबह काजलहेड़ी हेड के पास से गुजर रही स्कूल वैन के चालक ने ग्रामीणों को सूचना दी कि हेड के पास एक शव लटका हुआ है।
ग्रामीणों ने जाकर देखा तो शव रविंद्र का था। इसी दौरान एक और शव ढाणी के पास लटका मिला जो कुलदीप का था। इस सूचना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए। परिजनों ने शवों को फंदे से नीचे उतारकर बिना पुलिस कार्रवाई करवाए दफना दिया।
एक साथ किया खाना-पीना
काजलहेड़ी हेड के पास जहां पर रविंद्र का शव लटका हुआ मिला, उसी के नजदीक ही ठंडे की बोतल, शराब की बोतल, फ्रूट, रोटियां पड़ी हुईं मिली। अनुमान लगाया जा रहा है कि दोनों ने पहले शराब पी और खाना खाया और फिर मौत को गले लगाया। ग्रामीणों के अनुसार रात को जब दोनों को देखा गया तो उनके पास रस्सी थी। रविंद्र ने पहले मौत को गले लगाया और उसके बाद कुलदीप ने फांसी लगाई।
एक सप्ताह से कहां थे किसी को नहीं पता
मृतक कुलदीप के भाई की 14 नवंबर को शादी हुई थी। तब तक कुलदीप यहीं पर था। उसके बाद वह रविंद्र के साथ लापता हो गया। परिजनों ने जब फोन करके पूछा था तो उन्होंने बताया था कि वे सोमवार को लौट आएंगे।
सोमवार को दोनों वापस आए तो उन्होंने बताया कि उनकी बाइक चोरी हो गई है और फिर किसी दूसरे की बाइक लेकर घूम रहे थे। नहर की पटरी पर जहां सामान मिला है, वहां बाइक की चाबी भी मिली है। लेकिन बाइक का सुराग नहीं लगा।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर गई थी, लेकिन तब तक शवों को दफना दिया गया था। शिकायत भी किसी ने नहीं दी है। अगर कोई शिकायत आती है तो शवों को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया जाएगा। -मुकेश बैनीवाल, सदर थाना प्रभारी