एक नवविवाहिता से मारपीट कर उसे घर से बाहर निकालने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मारपीट के कारण विवाहिता के गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई। प्रताड़ना से तंग विवाहिता ने अपने मायके आकर आपबीती अपने परिजनों को बताई। विवाहिता ने अपने देवर पर भी छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने विवाहिता की शिकायत पर पति सहित चार लोगों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भट्टूकलां निवासी कंचन ने शिकायत में बताया कि उसका विवाह 11 मार्च 2016 को फरीदाबाद निवासी प्रमोद के साथ हुआ था।
आरोप है कि शादी के बाद दहेज की मांग को लेकर प्रमोद ने अपने पिता नंदकिशोर, मां मधु व देवर भारत के साथ मिलकर उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया और घर में आए दिन उसके साथ मारपीट होने लगी। नवविवाहिता ने बताया कि इस बीच जब वह गर्भवती हुई तो आरोपियों ने दहेज न लाने पर उसके साथ मारपीट जारी रखी। इससे उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई और हालत खराब होने पर उसे उसके मायके भेज दिया। उसका आरोप है कि उसका देवर भारत उस पर बुरी नीयत रखता है और मौका मिलने पर उसके साथ छेड़छाड़ भी की।