एमए का एग्जाम देकर लौट रही जाखल मंडी की दो छात्राएं देर शाम ट्रेन की चपेट में आ गई। रेलवे स्टेशन पर दिउल दहला देने वाली घटी घटना में एक छात्रा रचना की मौत हो गई जबकि दूसरी लड़की चेतन गंभीर रूप से घायल हो गई। मामले की जानकारी मिलते ही रेलवे पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटना की जांच शुरू कर दी है। बताया जाता है कि रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को रेलवे ट्रैक पार करने के लिए पुल न होने व जिस जगह घटना घटी वहां पर अंधेरा होने के कारण छात्रा की जान चली गई। घटना से मंडी में मातम का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार मंडी के सुरेश कुमार की 20 वर्षीय बेटी रचना और उसकी सहेली मास्टर कॉलोनी निवासी 24 वर्षीय चेतना गर्ग पुत्री दुन्नी चंद गर्ग वीरवार को एमए कक्षा का एग्जाम देने के लिए सिरसा सेंटर गई थी। परीक्षा देने के बाद घरलौट रही थी कि हिसार से धूरी जाने वाली पेसेंजर ट्रेन से उतर कर वह मंडी स्थित अपने घरों की ओर जाने लगी तो रेलवे ट्रैक पार करते समय दूसरी ओर फिरोजपुर से जींद की ओर जाने वाली पेसेंजर ट्रेन नंबर 54046 डाऊन वहां पर आ पहुंची। जिससे दोनों छात्राएं ट्रेन की चपेट में आ गई। घटना में छात्रा रचना को ट्रेन काफी दूर तक घसीटते हुए ले गई जिसके चलते रचना की मौत हो गई, जबकि उसकी सहेली चेतन गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना को देखते ही वहां से गुजर रहे अन्य यात्रियों ने शोर मचाया व घायल छात्रा को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। बताया जाता है कि घायल छात्रा का उपचार चल रहा है व उसकी हालत अब ठीक है। दोनों छात्राएं एमए की परीक्षा देने गई थी। जहां सिरसा सेंटर से लौटते समय वह जाखल वापिस आ रही थी। घटना की जैसे ही जानकारी मंडी के अन्य लोगों को लगी तो मौके पर भारी हजूम एकत्रित हो गया। वहीं मौके पर पहुंचे लोगों ने रोष जताया कि स्टेशन के इस पार से दूसरी पार जाने के लिए बना ब्रिज करीब चार सालों से टूटा पड़ा है। जिसके निर्माण को लेकर मंडी के लोग न केवल दर्जनों बार मांग कर चुके हैं बल्कि रेलवे विभाग अधिकारियों को एक बड़ा हादसा होने के बारे में चेतावनी भी दे चुके हैं। लेकिन इसके बावजूद भी रेलवे प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
पुलिस कर रही कार्रवाई
रेलवे पुलिस के सब इंस्पेक्टर धर्मपाल ने कहा कि ट्रेन के नीचे आने से एक छात्रा की मौत हुई है तथा दूसरी छात्रा घायल हुई है। शव को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है।
16एफटीबीपी : जाखल स्टेशन पर ट्रेन के नीचे आने से हुई एक छात्रा की मौत पर एकत्रित लोगों के बीच जांच करते पुलिस एवं रेलवे प्रशासनिक अधिकारी।