बृजलाल जिंदल डीएवी स्कूल की स्कूल बस सोमवार सुबह पेड़ से टकराकर गई। हादसे में स्कूल बस में सवार 10 से ज्यादा स्कूली बच्चे घायल हो गए, जबकि बस का चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार हादसा बस का स्टेयरिंग फेल होने के चलते हुआ। घटना के तुरत बाद आस पास के लोग एकत्रित हो गए व तुरंत घायल बच्चों को कुलां एवं टोहाना के निजी अस्पतालों में ले गए, जबकि वैन चालक पेड़ व वैन के बीच बुरी तरह फंस गया। वैन को जेसीबी मशीन की सहायता से अलग किया गया। जिसके बाद चालक को बाहर निकाल कर टोहाना के अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन जहां उसकी हालत को देखते हुए रोहतक ले जाया गया। घटना को लेकर म्योंद चौकी पुलिस ने घायल बच्चों एवं उनके अभिभावकों के ब्यान लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है। घायल बच्चों में तीन का अभी उपचार चल रहा है जबकि अन्य को छुट्टी दे दी गई है।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह जाखल के डीएवी स्कूल की एक वैन करीब साढ़े 7 बजे गांव मुस्साखेड़ा से बच्चों को बिठाकर शक्करपुरा की ओर जा रही थी कि अचानक वैन का स्टेयरिंग हैंडल टूट गया। जिससे वैन अनियंत्रित हो गई। जो सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। जिससे उसमें सवार कई बच्चों को हल्की ओर गहरी चोटें लगीं। गनीमत रही कि वैन पेड़ से टकराते ही मौके पर जाम हो गई वरना पलट कर गहरे खेतों में जा गिरती। जिससे वैन सवार 22 विद्यार्थियों की जिंदगी बाल-बाल बच गई। घटना में पहली कक्षा का युवराज सिंह (5) पुत्र बिंद्र सिंह रत्ताथेह, 9वीं का सतनाम सिंह व सुखचैन सिंह (17) पुत्र हरविंद्र सिंह निवासी रत्ताथेह को ज्यादा चोटें लगी। जबकि उनके साथ हरमन सिंह (8) पुत्र सतगुरु को भी चोटें आई। वहीं खुशप्रीत पुत्री हरविंद्र सिंह, हरलीन कौर (9) पुत्री बिंद्र, अमनदीप सिंह (7) पुत्र कर्म तेज निवासी रत्ताथेह, जगसीर सिंह (17) पुत्र सुरेंद्र सिंह व खुशदीप कौर (13) पुत्री बिंद्र सिंह तथा लवप्रीत (9) रूपांवाली गांव को भी मामूली चोटें आईं। जिन्हें उपचार के उपरांत छुट्टी दे दी गई जबकि युवराज सिंह, सतनाम सिंह व सुखचैन सिंह का उपचार चल रहा है।
स्टेयरिंग टूटने से इत्तफाकिया हुई घटना
प्रिंसिपल नीरज शर्मा ने बताया कि हादसा स्टेयरिंग हैंडल टूटने से हुआ है। घायल सभी बच्चों में से तीन को ज्यादा चोट आई है जिनकी हालत में सुधार है। कुल 8 बच्चों को चोटें लगी थी। जिनमें से पांच को छुट्टी मिल गई है बाकि तीन का उपचार चल रहा है। चालक तरसेम सिंह को ज्यादा चोटें लगने पर उपचार के लिए रोहतक ले गए हैं।
जांच के बाद होगी कार्यवाही : एएसआई धर्मपाल
एएसआई धर्मपाल ने मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। घटना में वैन के कंडक्टर काका सिंह रूपांवाली व अन्य दो घायल बच्चों के बयान लिए गए हैं। स्टेयरिंग हैंडल टूटने के कारण हादसा हुआ जो कि इत्तफाकिया है। वैन की हालत को लेकर एक्सपर्ट्स से जांच कराई जाएगी। जिसके अनुसार जांच के उपरांत आगे कार्यवाही की जाएगी।