एक पत्नी ने पति पर अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने का आरोप लगाया है। शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इतना ही नहीं आरोपी पति सहित सास और ससुर पर भी दहेज प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला थाना प्रभारी राजबाला ने बताया कि पंजाब निवासी एक महिला ने ससुराली जनों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं।
पुलिस की दी गई शिकायत में 27 वर्षीय विवाहिता ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2008 में हुई थी। इसके बाद उसकी सास और ससुर उसे दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। पीड़िता ने बताया कि उसका पति भी उस पर दहेज लाने के लिए दबाव बना रहा था और उसे प्रताड़ित करने के लिए उसने उसके साथ अप्राकृतिक तरीके से यौन संबंध भी बनाए और प्रताड़ित किया। महिला पुलिस की ओर से मामले में 376-ए, 498-ए, 506, 323 और 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। ये भी बताया गया है कि पीड़िता गर्भवती है।
महिला सरपंच से मारपीट और छेड़खानी, केस दर्ज
जिले की एक महिला सरपंच ने गांव के ही तीन लोगों पर मारपीट, अपशब्द कहने एवं छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। पुलिस को दी शिकायत में महिला सरपंच ने आरोप लगाया है कि रोहताश और उसके दो साथी उसके घर में जबरदस्ती घुस गए और उससे मारपीट भी की और उसके साथ छेड़खानी भी की। पुलिस ने इस संदर्भ में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि मामला चुनावी रंजिश से जुड़ा हुआ है।