एसडीएम सतीश कुमार ने कहा कि सोशल मीडिया पर आरक्षण आंदोलन से संबंधित भड़काऊ संदेश फैलाकर माहौल खराब करने वाले शरारती तत्वों के खिलाफ कड़ी पुलिस कार्रवाई की जाएगी। सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मुख्यालय पर मुस्तैद रहें और अपने संज्ञान में आने वाली सूचनाओं को पुलिस व प्रशासन के साथ सांझा करें ।
एसडीएम सतीश कुमार ने सार्वजनिक संपत्ति के नुकसान, सूचनाओं के आदानप्रदान तथा शांति बनाए रखने के संबंध में अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशानिर्देश दिए। बैठक में डीएसपी सुभाष शर्मा, तहसीलदार नवदीप सिंह तथा एक्सईएन आरके शर्मा भी मौजूद थे। एसडीएम सतीश कुमार ने कहा कि आरक्षण के लिए चल रहा आंदोलन प्रशासन की अनुमति के साथ शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है। टोहाना क्षेत्र शांतिप्रिय है जिस कारण यहां पिछले साल हुआ आंदोलन भी शांतिपूर्ण रहा था जिसके लिए उन्होंने क्षेत्रवासियों के प्रयासों की सराहना की।
एसडीएम ने नगर परिषद के ईओ डॉ. प्रदीप कुमार से कहा कि वे उपमंडल के सभी जेसीबी संचालकों को बुलाकर उन्हें आगाह करें कि यदि उनकी जेसीबी का इस्तेमाल पेड़ उखाड़ने अथवा सड़क आदि तोड़ने जैसे गलत कामों के लिए किया गया तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करते वाहन को जब्त कर लिया जाएगा। उन्होंने वन विभाग को निर्देश दिए कि वे पेड़ कटने जैसी स्थिति से निपटने के लिए इलेक्ट्रिक आरी, उन्हें उठवाने के लिए ट्रैक्टर-ट्राली आदि को तैयार रखें तथा अपने सभी कर्मचारियों को हालात से निपटने के लिए मुस्तैद रखें। उन्होंने ऐंबुलेंस व स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए एसएमओ डॉ. सतीश गर्ग को आवश्यक तैयारियां करने को कहा।