भूना रोड स्थित सुखचैन नहर में एक महिला का शव नहर में पुल के पास अटका मिलने से आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर थानाध्यक्ष रूपेश चौधरी और शहरी चौकी इंचार्ज करण सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। आसपास के थानों में शव के संबंध में सूचना देने के बाद इसकी शिनाख्त भूना निवासी निर्मला देवी (42) पत्नी रतन सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए फतेहाबाद भेज दिया है। परिजनों के अनुसार महिला बेटे की मौत के बाद मानसिक रूप से परेशान थी और लापता हो गई थी।
बुधवार सुबह भूना रोड से गुजरने वाले कुछ राहगीरों ने देखा कि सुखचैन नहर में पानी के किनारे एक महिला का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस को शव पर कहीं भी चोट के निशान नहीं मिले। शव की हालत देखकर आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत एक दिन पहले ही हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए फतेहाबाद भेज जिले के सभी थानों में शिनाख्त के लिए सूचना दे दी।
चौकी इंचार्ज कर्ण सिंह ने बताया कि सूचना देने के थोड़ी देर बाद ही शिनाख्त के लिए भूना और टोहाना से कुछ लोग आए और उन लोगों ने उसकी पहचान निर्मला देवी पत्नी रतनलाल निवासी भूना के तौर पर की। परिजनों ने बताया कि कुछ समय पहले निर्मला देवी के जवान बेटे की मौत हो गई थी। इससे वह मानसिक रूप से परेशान रहती थी। दो-तीन दिन पहले ही निर्मला टोहाना में भाई के घर गई थी और मंगलवार को वहीं से अचानक लापता हो गई। पुलिस ने 174 की कार्रवाई करके शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।