जाखल दिल्ली रेल मार्ग पर रेलवे फाटक के नजदीक रविवार सुबह करीब 9 बजे 70 वर्षीय एक बुजुर्ग ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक बुजुर्ग को ट्रेन के आगे आता देख चालक ने ब्रेक लगाकर उसे बचाने का प्रयास भी किया लेकिन बचा नहीं पाया। घटना की सूचना तुरंत रेलवे पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में ले लिया। समाचार लिखे जाने तक मृत बुजुर्ग की पहचान नहीं हो पाई। घटना के चलते फिरोजपुर से मुंबई सेंट्रल जा रही जनता एक्सप्रेस ट्रेन करीब 20 मिनट तक रेलवे फाटक पर खड़ी रही।
रेलवे पुलिस चौकी के एएसआई विरेंद्र कुमार ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे जनता एक्सप्रेस जाखल स्टेशन से दिल्ली ओर रवाना हो रही थी कि अचानक रेलवे फाटक के नजदीक करीब 70 वर्षीय एक बुजुर्ग दौड़कर गाड़ी के इंजन के आगे खड़ा हो गया। ट्रेन के चालक सुभाष सेतिया ने बताया कि उन्होंने जैसे ही व्यक्ति को गाड़ी के आगे आया देखा तो ब्रेक लगाया लेकिन तब तक वह गाड़ी के नीचे आ चुका था। चालक ने बताया कि गाड़ी को तुरंत रोककर गार्ड को सूचित कर घटना की जानकारी स्टेशन मास्टर व रेलवे पुलिस को दी गई।
रेलवे पुलिस ने मृतक की तलाशी ली तो उसकी दायिनी बाजू पर केशव चंद नाम लिखा है बुजुर्ग ने सफेद पायजामा व चेक शर्ट पहने हुए उसके पास से संगरूर से जाखल तक का एक टिकट भी मिला है। रेलवे पुलिस चौकी प्रभारी चरण सिंह ने बताया कि बुजुर्ग ने आत्महत्या की है। मृतक की पहचान के लिए शव को अगले 72 घंटों तक टोहाना के शवगृह में रखवा दिया गया है।