पैसे और शराब बांटते पकड़े गए प्रत्याशी का पति और उसका साथी।
- फोटो : bureau
नगर परिषद चुनाव से एक दिन पहले वोटरों को खरीदने के खेल में वार्ड नंबर-1 से प्रत्याशी का पति और एक अन्य युवक फंस गए हैं। पुलिस ने आरोपी युवकों को गाड़ी शराब, चुनावी बैनर और नोटों के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान वार्ड नंबर-एक से निशा अरोड़ा के पति अंकुश अरोड़ा निवासी शक्ति नगर फतेहाबाद और उसका साथी सुनील कुमार निवासी बड़ोपल के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों पर थाना शहर फतेहाबाद में 171ई/34 आईपीसी तथा एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस को सूचना मिली कि शक्ति नगर में वोटरों को लुभाने के लिए पैसे और शराब बांटी जा रही है। सूचना पर पुलिस ने दबिश दी तो एक सफेद रंग की स्पार्क गाड़ी एचआर-20आर-6303 खड़ी थी। साथ ही इसके चारों तरफ भीड़ लगी थी। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और कार में बैठे दोनों युवकों को काबू करके उनके कब्जे से 21 बैनर, जिन पर निशा अरोड़ा का नाम छपा था, 84 बोतल देशी शराब, 48 बियर की बोतल तथा 20 हजार रुपये के करेंसी नोट बरामद किए गए हैं।