जाखल मंडी के व्यापारी ने गुजरात की एक कंपनी सहित उसके तीन मालिकों पर धोखाधड़ी करने और गलत तरीके से दस्तावेज बनाकर उसे फंसाने की शिकायत पुलिस थाने में दी है। जाखल पुलिस ने व्यापारी की शिकायत पर जांच पड़ताल कर उक्त कंपनी सहित उसके तीन मालिकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जाखल मंडी निवासी धर्मेंद्र कुमार जिंदल पुत्र बलबीर उर्फ भीरा ने पुलिस में दर्ज करवाए गए केस में कहा उसका सबमर्सिबल पंप लगाने का बिजनेस है। इसके लिए उसने गुजरात के अहमदाबाद की एक कंपनी श्री गणेश इंजीनियरिंग कंपनी के साथ सबमर्सिबल पंप के लिए पंजाब राज्य में बेचने के लिए अनुबंध किया गया था। कंपनी के साथ वर्ष 2012 से लेकर 2016 तक की अनुबंध था। जिसमें कंपनी का पंजाब में अन्य कोई भी डिस्ट्रीब्यूटर अथवा डीलर नहीं बनाने का भी इसमें समझौता शामिल था। हालांकि कंपनी मालिक शैलेश भाई पटेल, सोनल बेन और दया भाई पटेल ने उससे धोखा करते उसे जानकारी दिए बिना एक नया डिस्ट्रीब्यूटर बना दिया।
जब इस बारे में उन्होंने कंपनी से संपर्क किया तो उन्होंने नया डिस्ट्रीब्यूटर बनाने की गलती मानते हुए उनसे उनका बकाया पड़ा माल उठाने का भरोसा दिया। हालांकि इसके बाद भी कंपनी ने उनका न तो माल उठाया बल्कि उसके द्वारा कंपनी में जमा कराए गए सिक्योरिटी चेक का भी गलत तरीके से इस्तेमाल कर लिया। उन्होंने कंपनी के तीनों मालिकों पर उससे धोखाधड़ी करने व उसके गलत दस्तावेज पेश करने की शिकायत कर फंसाने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस थाना के सब इंस्पेक्टर ओमप्रकाश ने बताया कि व्यापारी की शिकायत पर कंपनी सहित चार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले में छानबीन की जा रही है। जिसके तहत आगामी कार्रवाई की जाएगी।