हिसार रोड स्थित सिद्धमुख नहर में पैर फिलसने से युवक गिर गया। उसे बचाने आए दोस्तों मे से एक युवक भी उसके साथ डूब गया। हालांकि एक किसी तरह अपनी जान बचाकर किनारे पहुंचा और एक अन्य को मजदूरों ने बचाया। हादसा शुक्रवार काे उस समय हुआ जब चारों छात्र नहर में नहाने के लिए पहुंचे थे। मृतकों के शव शुक्रवार सायं बढ़ईखेड़ा और डांगरा गांव में मिले। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए टोहाना अस्पताल भिजवा दिया है।
जींद जिले के नरवाना के गांव कालवन निवासी संजय, हरनामपुरा निवासी पवन, गांव समैण निवासी प्रवीन और सुमित चारों मित्र हैं। इनमें संजय, पवन और प्रवीन नरवाना के केएम कालेज में बीकॉम तृतीय वर्ष के छात्र हैं, जबकि सुमित टोहाना के भूना रोड स्थित इंदिरा गांधी कालेज में पढ़ता है। शुक्रवार को छात्र संजय रिअपीयर का फार्म भरने के लिए अन्य तीनों साथियों के साथ आईजी कॉलेज में पहुंचे। अपने कार्य को निपटाने के बाद चारों सिद्धमुख नहर पर नहाने पहुंच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो नहर में गांव समैण निवासी सुमित, प्रवीन और कालवन निवासी संजय नहाने लगे, जबकि हरनामपुरा निवासी पवन नहर के किनारे बैठ गया। इस दौरान अचानक पवन का पैर फिसल गया और वह नहर में जा गिरा और बचाओ-बचाओ चिल्लाने लगा तो अन्य साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया। जब पवन के पास संजय उसे बचाने के लिए पहुंचा। इस दौरान दोनों डूबने लगे तथा उन्हें बचाने के लिए तीसरा साथी आया, तो वह भी डूबने लगा। संयोगवश नहर किनारे कार्य कर रहे मनरेगा मजदूरों ने जब तीनों को डूबते देखा, तो उन्होंने एक छात्र को नहर से निकाल लिया। चौथे साथी को तैरना आने के कारण वह नहर से बाहर निकलकर आया। लेकिन संजय और पवन नहर में बहाव के साथ बह गए।
नहर से निकलकर आए प्रवीन घबराकर मोटरसाइकिल पर बुलाने के लिए आसपास के लोगों के पास गया, लेकिन उबड़-खाबड़ रोड होने के कारण मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त होने से उसे चोटें आ गईं। इसके बाद वह सदर पुलिस थाने में गया और मामले की सूचना दी। सूचना पाकर शहर पुलिस से एसआई दयानंद और एचसी राजेश के साथ कई कर्मी भाखड़ा हेड पर पहुंचकर पानी के बहाव को कम करवाया। पानी का बहाव कम होते ही अनेक ग्रामीण नहर में चले गए तथा मानव श्रृंखला बनाकर नहर में बहे युवकों की तलाश शुरू कर दी थी। नहर में बहे संजय और पवन का शव शुक्रवार सायं बढ़ईखेड़ा और डांगरा गांव में जाकर मिला। सूचना पाकर नरवाना के विधायक पिरथी नंबरदार भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेकर शोक जताया।
क्या कहते हैं परिजन।
परिजन ओमप्रकाश ने बताया कि चारों मित्र होने के कारण यहां कॉलेज में फार्म भरने के लिए आए थे। इस दौरान वे नहर पर आकर नहाने लगे। इसके चलते दो साथी नहर में डूब गए तथा एक युवक को मनरेगा मजदूरों ने बचा लिया।
क्या कहते है जांच अधिकारी।
जांच अधिकारी एसआई दयानंद ने बताया कि लगभग दो बजे उन्हें सूचना मिली थी कि नहर में नहाते समय चार में से दो छात्र नहर में डूब गए हैं। वे घटना स्थल पर पहुंचे और परिजनों को लेकर भाखड़ा हेड पर जांच कर पानी के बहाव को कम करवाया। नहर में बहे संजय और पवन का शव शुक्रवार सायं बढ़ईखेड़ा और डांगरा गांव में जाकर मिल गए हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए टोहाना अस्पताल भिजवा दिए हैं।