टेलीफोन एक्सचेंज के पीछे धमीजा कॉलोनी में रहने वाले एक सीमेंट व्यापारी के घर दिन-दहाड़े चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। परिवार के सभी सदस्य एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। चोरों ने मौका पाकर घर के ताले तोड़े और सोने-चांदी के गहनों सहित 55 हजार रुपये की नकदी चोरी घर ली। व्यापारी ने दिन-रात एक कर गहने अगले महीने होने वाली बेटे की शादी में बहू को देने के लिए बनवाए थे।
पूरा परिवार सुबह 11 बजे एक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। दोपहर एक बजे बेटा घर पहुंचा तो उसे वारदात का पता चला। उसने परिवार को इसकी जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बता दें कि नौ माह पहले इसी कॉलोनी में चोरी की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया था, जिसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है।
घर का हाल देख व्यापारी हो गया बेहोश
सीमेंट व्यापारी खजान चंद बंसल परिवार के साथ धमीजा कॉलोनी में रहते हैं। शनिवार को व्यापारी का पूरा परिवार 11 बजे महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह में गया था। खजानचंद का बेटा प्रदीप दोपहर एक जब अपनी दुकान से घर खाना खाने आया तो घर के सभी कमरों के ताले टूटे और सामान जमीन पर बिखरा देख उसके पैरों तले से जमीन खिसक गई। प्रदीप ने तुरंत पिता को घटना से अवगत करवाया। घटना की जानकारी मिलते ही सारा परिवार घर पहुंचा और घर का हाल देखकर खजान सिंह अपने घर में ही जमीन पर बेहोश होकर गिर पड़े, जिसको चिकित्सा मुहैया करवाई गई।
तीन कमरों के ताले तोड़े
चोरी की वारदात की सूचना मिलते ही कार्यवाहक एसएचओ राजपाल सिंह, बीट इंचार्ज एएसआई रामभगत ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। चोरों की हर वारदात के निशानों की तस्वीरें भी ली गई। पुलिस की मानें तो मकान के तीन कमरों के ताले तोड़कर घर में मौजूद दो अलमारी, बेड और सूटकेस इत्यादि तोड़कर कीमती सामान निकाला गया है। चोरी की बड़ी घटना के बारे में जानकारी मिलते ही एएसपी गंगाराम पूनिया भी वारदात स्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और उपरोक्त घटना में शामिल चोरों को शीघ्र पकड़ने का आश्वास दिया।
अगले महीने होनी है शादी
खजान चंद ने बताया कि उसके छोटे बेटे प्रदीप की शादी अगले महीने है। घर में शादी की तैयारियां चल रही हैं। उन्होंने दुल्हन के लिए सोने और चांदी के आभूषण तैयार करके तिजोरी में रखे थे। इसके अलावा अलमारी में 50 हजार रुपये की नकदी तथा कीमती सामान भी मौजूद था। चोरों ने दिन-दिहाड़े उसके घर में घुसकर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। व्यापारी ने रोते हुए कहा कि एक-एक रुपया जोड़कर बेटे की शादी का प्रबंध किया था। अब वह सड़क पर आ गया है।
पहले भी हो चुकी है चोरी
हिसार रोड पर टेलीफोन एक्सचेंज के पीछे धमीजा कॉलोनी में 17 जनवरी 2016 को भी दिन-दिहाड़े चोरी की बड़ी घटना हुई थी, जिसका अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है। अज्ञात चोरों ने आशु और डिंपल सिंगला के घर के ताले तोड़कर सोने और चंादी के गहने व 60 हजार की नकदी और कीमती सामान चोरी कर लिया था। चोर अभी तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
भूना थाना के कार्यवाहक एसएचओ राजपाल सिंह ने बताया कि अज्ञात चोरों ने मकान के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण व नकदी ले जाने की शिकायत मिली है। मामला दर्ज कर लिया गया है। मौके पर एएसपी गंगाराम पूनिया व सीन ऑफ क्राइम टीम ने भी मौके पर पहुंचकर चोरी स्थल का निरीक्षण किया है। मोबाइल लोकेशन के जरिए चोरों को शीघ्र पकड़ने की प्रयास शुरू कर दिया है।