गांव भिरडाना में शिवपुरी सभा की जमीन पर ट्रैक्टर से सफाई को लेकर हुए विवाद में पुलिस ने शुक्रवार को जसविंद्र की शिकायत पर गांव भिरडाना के पंजाबी समुदाय के 15 लोगों सहित 19 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने पूर्ण सिंह, दयानंद, लिंकन, अरुण, सुरेंद्र, राजू, संजू बजाज, हंसराज, जनक, ओमप्रकाश, हरीश आहुजा, रविंद्र अनिल, मोहन, मनोहर लाल, संजीव कुमार तथा रायसिख बिरादरी के पाला सिंह, जगीर सिंह, सेवा सिंह तथा अमरीक सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
इसमें हरीश आहुजा बीजेपी के भिरडाना मंडल के अध्यक्ष भी हैं। इसी मामले में शुक्रवार को भिरडाना के पंजाबी समुदाय के 100 लोग एसपी ओपी नरवाल से मिले और ज्ञापन सौंपकर बताया कि ये शिवपुरी के साथ लगती जमीन पर खाद के ढेरों की ट्रैक्टर से सफाई कर रहे थे। इतने में गांव के अरुण सिंह, गुलजार, प्रीतम, जस्सी, मलकियत, काला सिंह कुलदीप सिंह, कुलवंत सिंह आदि आए और उन्होंने डंडों से उन पर हमला कर दिया। एसपी ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है।