फतेहाबाद में अंतरजातीय विवाह के चलते दिव्यांग महिला की हत्या का मामला सामने आया है। महिला का शव गांव लधुवास की चौपाल की खिड़की से उसके दुपटे के साथ बंधा हुआ मिला है। महिला के सिर और चेहरे पर वार कर हत्या की गई है।
फतेहाबाद के रतिया क्षेत्र के गांव लधुवास में दिव्यांग महिला की दर्दनाक तरीके से हत्या कर दी गई। हत्यारे ने महिला के सिर और चेहरे को बुरी तरह से काटा हुआ है। शव गांव की चौपाल में एक कमरे की खिड़की से बाहर की तरफ बंधा हुआ मिला है। ग्रामीणों के अनुसार महिला ने अंतरजातीय विवाह करवाया था। मामला सामने आते ही गांव में सनसनी फैल गई।
विज्ञापन
एसपी आस्था मोदी भी मौके पर पहुंची
कयास लगाए गए हैं कि महिला को खिड़की से बांधकर फिर किसी तेजधार हथियार से सिर पर वार कर उसकी बड़े ही निर्मम तरीके से हत्या की गई है। सूचना मिलने पर सदर थाना रतिया पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और मामले की पूरी जानकारी ली। बाद में एसपी आस्था मोदी भी मौके पर पहुंची।
पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पंजाब क्षेत्र की करीब 40 वर्षीय महिला वीरपाल कौर ने गांव लधुवास निवासी हरभेज सिंह के साथ अंतरजातीय विवाह किया था। बुधवार रात किसी ने उसके सिर और चेहरे पर वार कर बेहद दर्दनाक तरीके से उसे मार डाला। ग्रामीणों के मुताबिक मृतका का एक रिश्तेदार भी उनके घर पर ठहरा हुआ था। हत्या किसने की है, अभी तक पता नहीं चल पाया है।
खिड़की से दुपट्टे से बंधा हुआ मिला शव
उनके घर के पास ही गांव की चौपाल लगती है, जहां सुबह महिला का शव कमरे की खिड़की से दुपट्टे से बंधा हुआ मिला। चेहरे और सिर को बुरी तरह से फोड़ा गया है। सदर थाना रतिया प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस मामले में छानबीन कर रही है। अभी तक हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।