पंजाब के लुधियाना में भाई रणजीत सिंह ढंढरियां वाले पर हुए कातिलाना हमले और उस दौरान मारे गए भाई भूपिंद्र सिंह के मामले की जांच सीबीआई से करवाने की मांग को लेकर रतिया क्षेत्र के सिख समुदाय के लोगों और संगठनों के प्रतिनिधियों ने डीसी को ज्ञापन सौंपा।
डीसी को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपने पहुंचे भाई सतगुरु सिंह खालसा के स्वर्ण सिंह, हरियाणा सिख गुुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, गुरुद्वारा ज्ञान प्रकाश भूंदडवास, गुरविंद्र सिंह, गुरप्रीत सिंह, जीतसिंह बलविंद्र सिंह आदि ने बताया कि 17 मई को कुछ शरारती तत्वों द्वारा भाई रणजीत सिंह ढंढरियां वाले और उनके काफिले पर कातिलाना हमला किया गया।
इस हमले के दौरान भाई भूपिंद्र सिंह की मौत हो गई और भाई रणजीत सिंह बाल-बाल बचे। ज्ञापन में बताया गया है कि इस घटना के बाद भी शरारती तत्व मीडिया के माध्यम से धमकियां दे रहे हैं तथा हमले की जिम्मेवारी भी ले रहे हैं। शरारती तत्वों ने फिर से हमला करने की भी बात कही हैं। ज्ञापन देने आए लोगों ने राष्ट्रपति से मांग की है कि पुलिस प्रशासन इन साजिशकर्ताओं को गिरफ्तार करने की बजाय उनको बचाने में जुटा हुआ है। उन्होंने शक जाहिर करते हुए कहा कि सबूतों को भी मिटाया जा सकता है।