गांव भोड़ी में युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई आरंभ कर दी है। जिला पुलिस उपकप्तान गंगाराम पूनिया ने घटनास्थल पर जांच की। सीन ऑफ क्राइम की टीम ने भी घटनास्थल से सबूत जुटाए। पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक 25 वर्षीय सुरेश के भाई महावीर ने बताया कि वे तीन भाई हैं। सुरेश सबसे छोटा भाई था, जो मां के साथ गांव में अलग मकान मे रहता था। रात को उसकी मां दवाई लेने गई हुई थी तथा सुरेश घर में अकेला था। सुबह उसकी पत्नी जब पशुओं को चारा डालने के लिए गई तो देखा कि सुरेश लहूलुहान अवस्था में जमीन पर पड़ा था। पास में ही एक बाल्टी भी पड़ी थी। उसने तुरंत शोर मचाया परिजन दौड़कर आए। सुरेश के चेहरे पर चोट के निशान थे। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। थाना सदर प्रभारी विक्रम जीत सिंह टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। साथ ही सीन ऑफ क्राइम टीम ने मौके से सबूत जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में लाया गया, जहां तीन चिकित्सकों के बोर्ड ने पोस्टमार्टम किया। बोर्ड में डॉ. एमएल गुप्ता, डॉ. हरिंद्र सागु, डॉ. अमरदीप सिंह शामिल रहे।
क्या कहते हैं थाना सदर प्रभारी
थाना सदर प्रभारी विक्रमजीत सिंह ने बताया कि गांव भोड़ी में युवक की हत्या करने के मामला सामने आया है। मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जल्द ही वारदात में शामिल आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।