शहर की एक कॉलोनी निवासी व्यक्ति द्वारा आगरा निवासी नाबालिग के साथ शादी कर दुष्कर्म करने व मारपीट करने का मामला सामने आया है। नाबालिग को 28 सितंबर को डायल 112 पुलिस ने बरामद कर वन स्टॉप सेंटर तक पहुंचाया था। अगले दिन उसे बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। जहां उसकी काउंसिलिंग की गई तो मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस ने नाबालिग की शिकायत पर जीजा के आरोपी मकान मालिक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला थाना पुलिस ने इस संबंध में यहां पर जीरो एफआईआर दर्ज कर यूपी के आगरा क्षेत्र के थाने में रिपोर्ट भेजी है।
पुलिस को दी शिकायत में यूपी के आगरा निवासी नाबालिग ने बताया कि उसकी बहन फतेहाबाद के डीएसपी रोड स्थित एक कॉलोनी निवासी युवक से विवाहित है, वह पांच माह पहले अपनी बहन के घर रहने आई थी। जहां उसकी अपने जीजा के मकान मालिक से दोस्ती हो गई। बाद में वह अपने गांव चली गई। इसके बाद उन दोनों में फोन पर बात होने लगी।
आरोप है कि मकान मालिक ने उसे झांसे में लेते हुए कहा कि अगर वह उसके पास नहीं आई तो वह आत्महत्या कर लेगा। वह भी उसे पसंद करती थी तो मना नहीं कर सकी। इसके बाद आरोपी उसके आगरा स्थित गांव पहुंचा और वहां से चंडीगढ़ ले गया। जहां उन्होंने मंदिर में शादी कर ली। 10 सितंबर को दोनों फतेहाबाद आ गए और एक किराये के कमरे पर रहने लगे।
इसके बाद 28 सितंबर को आरोपी ने उससे झगड़ा किया व मारपीट की और उसका हाथ जला दिया। इसके बाद आरोपी उसे छोड़कर चला गया। इस पर उसने डायल 112 को सूचना दी। जिसने उसे वन स्टॉप सेंटर तक पहुंचाया। यहां पर काउंसिलिंग की गई तो मामले का खुलासा हुआ। महिला थाना प्रभारी कविता का कहना है कि नाबालिग की शिकायत पर जीरो एफआईआर दर्ज कर आगरा पुलिस को रिपोर्ट भेज दी गई है। क्योंकि पीड़िता आगरा क्षेत्र की रहने वाली है और मामला वहीं से शुरू हुआ था।