पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद हमलावर रविवार शाम को फतेहाबाद जिले के रतिया क्षेत्र के गांव भुंदड़वास निवासी जगतार सिंह की ऑल्टो कार छीनकर उसमें फरार हो गए थे। आरोपियों ने पिस्तौल के बल पर ऑल्टो कार छीनी और अपनी गाड़ी वहीं छोड़ फरार हो गए थे। इसके बाद जगतार सिंह ने मामले की सूचना पंजाब पुलिस को दी। सोमवार को भी पंजाब के मानसा जिले की पुलिस जगतार सिंह से पूछताछ करने में लगी रही। घटना के बाद जगतार सिंह का परिवार भी सहमा हुआ है।
पंजाबी गायक एवं कांग्रेसी नेता सिद्धू मूसेवाला रविवार को जब अपने दो साथियों के साथ मानसा के गांव जवाहरके के रास्ते गांव खारा-बरनाला की तरफ जा रहे थे तो उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर उनकी हत्या कर दी गई थी।
अपनी बहन से मिलने परिवार सहित गया था जगतार सिंह
भुंदड़वास के ग्रामीणों के अनुसार जगतार सिंह की बहन पंजाब के मानसा जिले के गांव जवाहरके में विवाहित है। रविवार को जगतार सिंह ऑल्टो कार में अपनी मां व पत्नी के साथ बहन के पास गया था। बताया जा रहा है कि जब वह वापस अपने गांव आ रहा था तभी हमलावरों ने उसकी कार को रुकवा लिया। पिस्तौल के बल पर जगतार सिंह व उसके परिवार को कार से नीचे उतार दिया और इसके बाद हमलावर उसकी कार में सवार होकर फरार हो गए।
रतिया पुलिस के पास पहुंची जानकारी तो करवाई नाकेबंदी
मूसेवाला की हत्या के बाद रतिया पुलिस के पास भी जानकारी पहुंची। इसके बाद आसपास के क्षेत्र में नाकेबंदी करवा दी गई। इसके अलावा सोशल मीडिया पर ऑडियो में ऑल्टो कार के नंबर जारी कर सूचना देने का भी आह्वान किया गया है।
सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद हमारे पास नाकेबंदी की सूचना आई थी। इसके बाद पूरे इलाके में नाकेबंदी की गई। रतिया नंबर की गाड़ी हमलावर छीनकर ले गए हैं। उसके बारे में भी तलाश जा रही है। - रमेश कुमार, प्रभारी, रतिया सदर थाना