अधेड़ ने 12 वर्ष की बालिका से की छेड़छाड़, रिपोर्ट दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
टोहाना । दमकौरा रोड टोहाना में मंगलवार को एक 52 वर्षीय किराना दुकानदार ने 12 वर्षीय बालिका को बहलाफुसलाकर अपनी दुकान में बुला लिया और छेड़छाड़ की। बालिका की मां ने महिला थाने में दुकानदार के खिलाफ शिकायत दी, जिस पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दुकानदार को मंगलवार की देर शाम गिरफ्तार कर लिया गया है।
पीड़िता बालिका की मां ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि दमकौरा रोड स्थित एक दुकान पर उनका बेटा नौकरी करता है। मंगलवार दोपहर उनकी बेटी भाई को लस्सी देने गई थी और घर लौटते वक्त रास्ते में किराना दुकानदार सतपाल ने बहलाफुसलाकर बेटी को दुकान के अंदर बुला लिया। बेटी का हाथ पकड़कर उससे छेड़छाड़ शुरू कर दी। गनीमत रही कि बेटी अपना हाथ छुड़ाकर वहां से भाग गई। वह रोते-रोते घर पहुंची। उसने मां को पूरी बात बताई। जिसके बाद मां रिश्तेदारों को लेकर महिला थाने पहुंची और किराना दुकानदार के खिलाफ शिकायत दी। महिला थाना प्रभारी मंजू सिंह ने बताया कि पीड़िता की मां की शिकायत पर दुकानदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
- वर्जन
दमकौरा रोड निवासी एक किरयाणा दुकानदार द्वारा एक 12 साल की बच्ची से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां के बयान के आधार पर आरोपी दुकानदार सतपाल के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी को टोहाना से ही गिरफ्तार कर लिया गया है।
- जोगिंद्र शर्मा, डीएसपी, टोहाना।