रोशनदान तोड़कर बैंक में घुसे चोर, कैश लॉकर तोड़ नहीं पाए तो ले गए गार्ड की बंदूक
अमर उजाला ब्यूरो
कुलां। गांव धारसूल कलां में बस स्टैंड के निकट जैन भवन के समक्ष स्थित केंद्रीय सहकारी बैंक शाखा में सोमवार रात अज्ञात बदमाश बैंक की बाहरी दीवार फांदकर प्रांगण में घुस गए और बैंक के रोशनदान को तोड़कर बैंक के अंदर कैश लॉकर तोड़ नहीं पाए तो उन्होंने यहां सुरक्षा गार्ड की दोनाली बंदूक को चुरा लिया। शाखा प्रबंधक को इसका पता तब चला जब मंगलवार को बैंक खुला। उन्होंने मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल का जब मुआयना किया तो पता चला कि बैंक शाखा में लगे सीसीटीवी कैमरे खराब हैं। इस वजह से आरोपियों का कोई साक्ष्य हाथ नहीं लगा। पुलिस ने बैंक परिसर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला लेकिन चोरों को पता नहीं चल पाया। बैंक के शाखा प्रबंधक श्याम सुंदर ने बताया कि वह प्रतिदिन की तरह मंगलवार सुबह बैंक पहुंचे। इसके साथ ही सफाई कर्मचारी और अन्य कर्मचारी भी पहुंचे। बैंक का ताला खोलकर वह प्रांगण में गए तो उन्होंने देखा कि प्रांगण में मिट्टी के रोड़ेे पड़े हुए थे और बैंक के अंदर रोशनदान टूटा पड़ा है। उन्होंने देखा कि बैंक के अंदर से सुरक्षा गार्ड की एक दोनाली बंदूक गायब थी। इस पर शाखा प्रबंधक द्वारा तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गईं। सूचना मिलते ही कुलां चौकी प्रभारी आनंद बैनीवाल और टोहाना सदर थानाध्यक्ष जगदीश प्रसाद पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। साथ ही उच्च अधिकारियों को भी घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलने पर टोहाना के पुलिस उप अधीक्षक जोगेंद्र शर्मा भी मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। बैंक प्रांगण में आकर अफसरों द्वारा जांच की गईं तो पता चला कि कैश रूम में सब ठीक था, जबकि पास में एक अलमारी में रखी सुरक्षा गार्ड की दोनाली बंदूक वहां से गायब थी। इस पर विशेष तौर पर पहुंची फोरेंसिक टीम अधिकारियों द्वारा भारी पुलिस की मौजूदगी में कई घंटों तक गहनता से छानबीन करती रही। जांच के दौरान प्रशासन को घटनास्थल पर एक लोहे की रॉड भी बरामद हुईं है। घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस उपाधीक्षक जोगेंद्र शर्मा द्वारा स्वयं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया।
धारसूल कलां के केंद्रीय सरकारी बैंक में अज्ञात युवकों द्वारा चोरी का प्रयास किया गया। बैंक में कैश न मिलने पर आरोपी बैंक के अंदर रखी गार्ड की दोनाली बंदूक लेकर फरार हो गए। आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है, इसके लिए सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है आरोपी जल्द पुलिस गिरफ्त में होंगे।
आनंद बैनीवाल, कुलां चौकी इंचार्ज