अमर उजाला ब्यूरो
रतिया।
रतिया उपमंडल के गांव सुखमनपुर में शुक्रवार रात दो परिवारों के बीच सरपंच पद के चुनावों के समय से चल रही चुनावी रंजिश होली के दिन खूनी होली में परिवर्तित हो गई। देर रात गांव में सरपंच पद के हारे और जीते दोनों पक्षों के दर्जनों लोगों में झगड़ा शुरू हो गया और देखते ही देखते दोनों पक्षों में गोलीबारी शुरू हो गई।
इस गोलीबारी में रतिया इनेलो बैकवर्ड सेल के हलका प्रधान रामगोपाल गुर्जर के बेटे व इनसो के पूर्व प्रधान रहे तथा वर्तमान सरपंच सीमा देवी के देवर रवि गुर्जर की मौत हो गई। अन्य कई घायल हो गए, जिन्हें रतिया, अग्रोहा व हिसार के अस्पतालों में दाखिल करवाया गया है। रतिया पुलिस ने सरपंच के पति ईश्वर की शिकायत पर हारी हुई प्रत्याशी सुमन के पति जसवंत उर्फ विनोद व ससुर बलवंत सिंह सहित 13 नामजद व 20-25 अन्य लोगों के खिलाफ हत्या व फायरिंग के आरोप में व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। गांव में तनाव के माहौल को देखते हुए रात को ही भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। डीएसपी रविन्द्र तोमर पुलिस फोर्स के साथ गांव में पहुंचे और दोपहर बाद पुलिस बल की मौजूदगी में मृतक का गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
----------------------------
काफी पहले से चल रहा तनाव
प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 जनवरी 2016 को गांव सुखमनपुर में हुए सरपंच पद के चुनावों में गुर्जर परिवार की सुमन व सीमा ने आमने-सामने चुनाव लड़ा था। चुनाव में सीमा पत्नी ईश्वर 5 मतों से विजयी घोषित की गई थी। सुमन ने सीमा के चुनाव को कोर्ट में चुनौती भी दी थी और रतिया की कोर्ट के आदेशों पर एक बूथ की दोबारा मतगणना करवाई थी। जिसमें सीमा को पुन: 5 मतों से ही विजयी घोषित किया गया था। इसके बाद से ही दोनों पक्षों में तनाव चल रहा था। बताया गया है कि शुक्रवार को फाग वाले दिन दोनों पक्षों के दर्जनों लोग गांव में टोलियां बनाकर घूम रहे थे। देर शाम को दोनों पक्षों के आपसी कहासुनी हो गई जिसमें एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के एक युवक के मकान के गेट और बिजली के मीटर की तोड़फोड़ शुरू कर दी जिससे विवाद बढ़ गया और दोनो पक्षों के दर्जनों लोग एक दूसरे के सामने आकर पत्थरबाजी करने लगे और दोनों पक्षों में फायरिंग शुरू हो गई। इस फायरिंग में दोनों पक्षों के आधा दर्जन लोग घायल हो गए।
फायरिंग में रवि की गर्दन व छाती पर तथा जयसिंह के पैर में गोली लगी। घायल रवि और जय सिंह को रतिया के अस्पताल में दाखिल करवाया गया जहां से गंभीर स्थिति के चलते उन्हें हिसार रेफर कर दिया गया। हिसार में रवि गुर्जर ने दम तोड़ दिया। दूसरी तरफ इस झगड़े और गोलीबारी में रमेश व गुड्डो सहित अन्य लोग घायल हो गए, जिन्हें अग्रोहा के अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। गोलीबारी की सूचना के बाद गांव में भारी मात्रा में पुलिस फोर्स को तैनात कर दिया गया। डीएसपी रविन्द्र सिंह तोमर, थानाध्यक्ष यादविन्द्र सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। सुबह मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव का अंतिम सस्कार कर दिया गया।
गांव में पुलिस फोर्स तैनात
घटना के बाद गांव में तनाव है और तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। डीएसपी रविंद्र कुमार ने बताया कि सरपंच सीमा के पति ईश्वर सिंह की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीम ने छापेमारी कर रही है। डीएसपी ने बताया कि गांव में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है और किसी भी हालात से निपटने के लिए पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।