अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
शहर की एक युवती को बेहोश कर उपचार के दौरान रेप करने के आरोपी डा. जिम्मी जिंदल को हाईकोर्ट से 15 दिन की अंतरिम जमानत मिल गई है। जिम्मी जिंदल की नियमित जमानत पर सुनवाई एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद होगी।
गौरतलब है कि अक्तूबर के आखिरी सप्ताह में डा. जिम्मी जिंदल पर एक युवती से उपचार के दौरान रेप करने का सनसनीखेज आरोप लगा था। इसके चलते भड़की भीड़ ने डा. जिंदल के अस्पताल में तोड़फोड़ की थी और उनको मारपीट हुए सिटी थाने तक लेकर गई थी। इस मामले में आईएमए व सर्वसमाज के बीच टकराव की स्थिति बन गई थी लेकिन बाद में आईएमए ने इस मामले में अपने सदस्य डा. जिम्मी जिंदल की सदस्यता निलंबित करते हुए सर्वसमाज के साथ रहने का ऐलान किया था। जिसके बाद डा. जिम्मी जिंदल 27 अक्तूबर से ही न्यायिक हिरासत में थे। दूसरी ओर जिम्मी जिंदल की पत्नी ने भी उनके अस्पताल में तोड़फोड़ करने व उसके पति को मारनेपीटने के आरोप में पीड़ित युवती के परिजनों सहित कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया था। अब जिम्मी जिंदल के जमानत पर बाहर आने के बाद एक बार फिर इस मामले का जिन्न बाहर आ गया है।