अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
स्थानीय पुराने बस स्टैंड के समीप वीरवार दोपहर को एक लग्जरी गाड़ी और ट्रैक्टर में टक्कर हो गई। इसके बाद लग्जरी गाड़ी में सवार युवकों ने ट्रैक्टर चालक को रोक लिया और उससे कथित तौर पर मारपीट की। बताया गया है कि इस दौरान लग्जरी गाड़ी पर सवार युवकों ने ट्रैक्टर चालक को डराने के लिए पिस्तौल भी हवा में लहराई। इस बीच मौके पर सूचना पा कर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार भी कर लिया। इस विवाद के चलते वीरवार दोपहर को पुराने बस स्टैंड के पास काफी देर तक यातायात प्रभावित हुआ। दोनों पक्षों की पहचान में लग्जरी गाड़ी फॉर्चुनर में सवार कमलदीप व ट्रैक्टर चालक की पहचान बड़ोपल निवासी मुकेश के रूप में हुई है।
ट्रैक्टर चालक मुकेश ने अपना पक्ष रखते हुए बताया कि वह रतिया चुंगी से ट्रैक्टर ठीक करवा कर बड़ोपल की ओर जा रहा था। उसने बताया कि लालबत्ती पर फॉरच्यूनर में सवार कमलदीप निवासी रतिया रोड ने उससे बहस की और मारपीट करने लगा। इसके बाद जब वह जाट धर्मशाला के पास पहुंचा तो कमलदीप दोबारा अपने साथियों के साथ वहां आया और उसके ट्रैक्टर के आगे गाड़ी लगा दी। इसके बाद गाड़ी से उतरे युवकों ने उसे पिस्टल दिखाकर उससे मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान वहां पर अनेक लोग एकत्रित हो गए ओर उन्होंने हमलावर युवकों को घेर लिया तथा पुलिस को सूचित किया। दूसरी ओर लग्जरी गाड़ी में सवार कमलदीप ने बताया कि ट्रैक्टर चालक उसकी गाड़ी को टक्कर मारकर निकला था और पुराने बस स्टैंड के पास उसने उसे पकड़ लिया तो वो मारपीट पर उतर गया। कमलदीप ने बताया कि उसके पास पिस्तौल का लाइसेंस भी है।
इस बारे में सिटी एसएचओ सुरेंद्र कंबोज ने बताया कि उनके पास सूचना आई थी कि पुराने बस स्टैंड के पास दो गाड़ी सवार आपस में झगड़ा कर रहे हैं। इसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और झगड़ा कर रहे दोनों युवकों को गिरफ्तार कर पुलिस स्टेशन में ले आई। दोनों के खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर मारपीट करने का मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकेश के पास मिली पिस्तौल लाइसेंसी है और लाइसेंस भी उसी के नाम पर है।