अमर उजाला ब्यूरो
रतिया।
रतिया पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर निकटवर्ती गांव सुखमनपुर में युवक से 315 बोर की अवैध पिस्तौल व कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी गुरप्रीत सिंह किंगरा के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया जहां से कोर्ट ने उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर सौंप दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रतिया पुलिस के सहायक उपनिरीक्षक टेक चंद को गुप्त सूचना मिली थी की गंाव सुखमनपुर के पास एक व्यक्ति अवैध असला लेकर जा रहा है जिस पर टेक चंद ने एक टीम का गठन किया और सुखमनपुर गांव के बाहर नाकेबंदी कर आने जाने वाले लोगों की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान वहां से गुजर रहा एक युवक पुलिस टीम को वापिस मुड़ गया और भागने लगा। जिस पर पुलिस टीम ने उक्त युवक को काबू कर लिया और उसकी तलाशी ली तो उक्त युवक की जेब से पुलिस टीम को उसके कब्जे में से एक 315 बोर की अवैध पिस्तौल और एक कारतूस बरामद हुआ। पकड़े गए युवक की पहचान गुरप्रीत सिंह किगंरा के तौर पर हुई है। थानाध्यक्ष यादविंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी गुरप्रीत को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे कोर्ट ने एक दिन के पुलिस रिमांड पर सौंप दिया है। उन्होंने बताया कि रिमांड के दौरान गुरप्रीत को अवैध पिस्तौल बेचने वाले विक्रेता के बारे में भी पूछताछ कर उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।