फतेहाबाद। प्रदेश में ग्रुप डी की नौकरी लगाने के नाम पर एक व्यक्ति से 17 लाख रुपये की ठगी के आरोप में फतेहाबाद सदर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान बीघड़ निवासी मनीराम एवं प्रमोद व कुलदीप निवासी हिसार के रूप में हुई है। मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। सदर पुलिस को दी शिकायत में गांव बीघड़ निवासी हनुमान सिंह ने बताया कि उसके पड़ोस में मनीराम की ढाणी है और उसने उसकी मुलाकात हिसार निवासी प्रमोद व कुलदीप से करवाई थी।
क्राइम ब्रांच में खुद को इंस्पेक्टर बता आरोपी ने प्रति नौकरी के लिए मांगे पांच लाख रुपये
हनुमान का आरोप है कि कुलदीप ने अपने आपको क्राइम ब्रांच का इंस्पेक्टर बताया और ग्रुप डी की भर्तियों में सेटिंग करवाने का आश्वासन दिया। इसके लिए उसने पांच लाख रुपये प्रति नौकरी की डिमांड रखी। हनुमान ने पुलिस को दी शिकायत में आगे बताया गया कि वह आरोपियों की बातों में आ गया और उसने अपनी दो पुत्रियों, एक पुत्र व एक पुत्रवधू को नौकरी लगवाने को कहा। जिसके बाद उसने आरोपी को 22 नवंबर 2018 को साढे़ 9 लाख रुपये और 3 दिसंबर 2018 को 5 लाख रुपये, 24 दिसंबर 2018 को 3 लाख रुपये दे दिए, मगर आरोपियों ने उसके बच्चों को नौकरी नहीं लगवाई।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि जब उसके बच्चों को नौकरी नहीं मिली तो उसने अपने पैसे वारस मांगे, मगर आरोपियों ने पैसे भी वारस नहीं किए और जान से मारने की धमकी दी। फिलहाल सदर पुलिस ने उक्त तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 420 व 406 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और शीघ्र की आरोपियों की धरपकड़ कर ली जाएगी। -सुरेंद्र, एसएचओ, सदर।