युवक हत्या मामला : पुलिस ने मृतक युवक रोहित की बाइक की बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
रतिया। सरदारेवाला निवासी युवक रोहित की हत्या के मामले में रविवार को पुलिस ने रतिया क्षेत्र के कई गांवों में दबिश दी। पुलिस ने पूछताछ के लिए कई युवकों को हिरासत में लिया है। वहीं जिस जगह नहर में युवक का शव बरामद हुआ था, उसके आसपास भाखड़ा नहर से रोहित की बाइक भी बरामद हो गई। भाखड़ा में उसी जगह बाइक बरामद होते ही रतिया थाना अध्यक्ष कपिल सिहाग, सीन आफ क्राइम की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और गांव के मौजिज लोगों के सामने ही भाखड़ा नहर से बाइक को भाखड़ा से बाहर निकाला। इस मामले को लेकर ग्रामीण पुलिस से भी मिले और नामजद आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग भी की है।
गौरतलब है कि सरदारेवाला निवासी 21 वर्षीय युवक रोहित 30 अक्तूबर को रतनगढ़ गांव के पास से गायब हो गया था और बाद में उसका शव भाखड़ा नहर से मिल गया था। मृतक युवक के परिजनों व गांववासियों ने रोहित के कुछ दोस्तों पर अपहरण कर हत्या का आरोप लगाया था व रोहित के गायब होने को लेकर परिजनों ने शहर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए रोष भी जाहिर किया था। साथ ही चौकी इंचार्ज व दो पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। देर शाम पुलिस ने रोहित का शव मिलने के मामले में दो लोगो पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया था। पुलिस ने मामले की जांच के लिए तीन टीमों का गठन किया है। टीमों ने रविवार को रतिया क्षेत्र के बलियाला तथा टोहाना क्षेत्र में दबिश भी दी और कुछ युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। परिजनों ने पुलिस अधिकारियों से मिलकर नामजद आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है व साथ ही लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस मामले को लेकर जहां गांव रतनगढ़, नंगल सहित अन्य गांवों से पुलिस ने पूछताछ के लिए युवकों को काबू किया है, उनको लेकर भी गांव रतनगढ़ व नंगल की पंचायतें भी रतिया थाना प्रभारी से मिले व अपना पक्ष भी रखा व मामले में निष्पक्ष जांच की मांग भी की। थाना प्रभारी ने पंचायतों को आश्वस्त किया कि इस मामले की बारीकी से जांच की जाएगी और बेवजह किसी निर्दोष को नहीं घसीटा जाएगा। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में कुछ युवकों को पूछताछ के लिए राउंडअप किया है व जल्द ही मामले का पटापेक्ष किया जाएगा।