अमर उजाला ब्यूरो
टोहाना।
सीआईए स्टाफ पुलिस ने सोमवार रात को रतिया रोड पर सूर्या होटल के पास कार में सवार युवक को काबू करके उससे 50 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने उसके खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। हेरोइन की कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां अदालत ने उसे दो दिन के रिमांड पर पुलिस के हवाले कर दिया। रिमांड के दौरान आरोपी से उसके सरगना की जानकारी ली जाएगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीआईए स्टाफ की टीम सोमवार रात को रतिया रोड पर सूर्या होटल के पास नाका लगाए हुई थी। इस दौरान पुलिस द्वारा आने-जाने वालों की जांच व गहनता से पूछताछ की जा रही थी। रात को वहां पर एक व्यक्ति सफेद रंग की स्विफ्ट कार में आ रहा था, जो पुलिस को सामने देखकर गाड़ी को मोड़ने लगा। पुलिस ने तुरंत गाड़ी को रुकवाया तथा आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस ने तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 50 ग्राम हेरोइन बरामद की। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को नशा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को काबू कर लिया तथा उसकी गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया। आरोपी की पहचान फतेहाबाद के बाद खैराती खेड़ा निवासी अरमजीत के रूप में हुई है। बाजार में उसकी कीमत 5 लाख रुपये बताई गई है।
लग्जरी कारों के शौक ने बनाया तस्कर
पुलिस पूछताछ में अमरजीत ने बताया कि उसे महंगी कारों व महंगे मोबाइल का शौक था। वह पहले शराब के ठेकों पर काम करता था और तनख्वाह से उसके शौक पूरे नहीं हो रहे थे। इसी के चलते वह हेरोइन आदि की तस्करी के धंधे में आ गया। उसने बताया कि वह दिल्ली से हेरोइन लाकर फतेहाबाद जिले के युवाओं को इसकी बिक्री करता था।
2 दिन का लिया है रिमांड
सीआईए इंचार्ज जयभगवान ने बताया कि अमरजीत सिंह के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेशकर 2 दिन का रिमांड लिया है जिससे यह पता किया जाएगा कि नशा कहां से खरीद कर लाया है तथा कितने दिनों से काम कर रहा है।