फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पेट्रोल डलवाकर बदमाशों ने सेल्समैन को मारी गोली, कैश और मोबाइल लूटकर फरार

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

फतेहाबाद।
गांव बड़ोपल और खाराखेड़ी के बीच स्थित भादू पेट्रेाल पंप पर बुधवार अलसुबह चार बजे के करीब कार सवार बदमाशों ने पेट्रोल पंप के कारिंदे को गोली मारकर उससे 15 हजार रुपये की नकदी, मोबाइल और मोबिल ऑयल लूट ले गए। बदमाशों की गोली से घायल हुए पेट्रेाल पंप कर्मचारी को उपचार के लिए अग्रोहा मेडिकल ले जाया गया है। उधर लूटपाट की सूचना मिलते ही डीएसपी गुरदयाल व सदर एसएचओ रूपेश चौधरी घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पेट्रोल पंप के सीसीटीवी की फुटेज भी अपने कब्जे में ले ली है।
सदर एसएचओ रूपेश चौधरी ने बताया कि उनके पास आई शिकायत के मुताबिक बडोपल से थोड़ा आगे नेशनल हाइवे पर स्थित भादू पेट्रोल पंप पर सुबह चार बजे एक वरना कार में सवार चार बदमाश आए और पेट्रोल पंप कर्मचारी नरेश कुमार निवासी बड़ोपल से गाड़ी की टंकी फुल करने को कहा। नरेश का आरोप है कि पेट्रोल से टंकी फुल करने के बाद जब उसने कार सवार युवकों से पैसे मांगे तो उन्होंने पैसे देने का नाटक करते हुए अचानक उसके पैर में गोली मार दी और 15 हजार रुपये की नकदी छीन ली, कार्यालय में पड़े दो मोबाइल व मोबिल आयल लूट लिए और कार स्टार्ट कर फरार हो गए। उसकी चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस और पंप मालिक आलोक भादू को दी।
विज्ञापन

डीएसपी गुरदयाल व सदर एसएचओ रूपेश चौधरी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। उन्होंने पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी फुटेज भी अपने कब्जे में ले ली है। एसएचओ रूपेश चौधरी ने बताया कि वारदात के बाद ही बीटी कर चारों ओर नाकेबंदी कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
पहले भी इसी पेट्रोल पंप पर हो चुकी वारदात
बड़ोपल से थोड़ा आगे स्थित इस पेट्रोल पंप पर लूटपाट का ये पहला मामला नहीं है। लगभग तीन-चार साल पहले भी इसी पेट्रोल पंप पर बदमाशों द्वारा लूटपाट करने का एक और मामला भी आ चुका है। उस समय भी बदमाशों ने पेट्रोल पंप के कर्मचारियों से मारपीट कर कैश लूट लिया था।
विज्ञापन

सीसीटीवी के जरिये कार का नंबर ट्रेस करने में जुटी पुलिस
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अलसुबह मौके पर पहुंची सदर पुलिस ने पंप पर लगे सीसीटीवी की फुटेज अपने कब्जे में ले ली और इसमें नजर आ रही एक कार की फुटेज को जांच के लिए भेजा है। सदर पुलिस की मंशा कार के नंबर के जरिये आरोपियों तक पहुंचने की है। इसके अलावा सदर एसएचओ रुपेश चौधरी की अगुवाई में सदर पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में विभिन्न इलाकों में दबिश दे रही हैं। सदर पुलिस की एक टीम ने बुधवार को ही चिकनवास टोल प्लाजा पर जाकर सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली। हालांकि सदर एसएचओ टोल प्लाजा के सीसीटीवी की जांच की बात तो स्वीकार कर रहे हैं, लेकिन उसमें कार की तलाश में कामयाबी मिली या नहीं, इस पर अभी चुप्पी साधे हुए हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें