हेरोइन तस्कर पांच दिन के पुलिस रिमांड पर
अमर उजाला ब्यूरो
रतिया। सोमवार को फतेहाबाद रोड पर 400 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़े गए नशा तस्कर संजय को मंगलवार को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां संजय को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया गया है। रिमांड के दोरान अब पुलिस द्वारा आरोपी को हेरोइन सप्लाई करने वाले सप्लायर को पकड़ने के लिए पूछताछ कर छापामार कार्रवाई की जाएगी।
रतिया पुलिस ने सोमवार को फतेहाबाद रोड पर नाकाबंदी व चैकिंग के दौरान एक युवक को काबू करके उसके कब्जे से 400 ग्राम हेरोइन बरामद की थी। पकड़े गए आरोपी की पहचान संजय कुमार पुत्र किशन लाल निवासी वार्ड नंबर-4 फतेहाबाद के रूप में हुई थी। आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था। वहीं मंगलवार को जांच अधिकारी महेंद्र सिंह ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया और उसका पुलिस रिमांड मांगा। जिसपर कोर्ट ने आरोपी को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया है। जांच अधिकारी ने बताया कि रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ की जाएगी कि वह उक्त हेरोइन किससे लेकर आया था। पूछताछ में जानकारी मिलने पर उक्त सप्लायर को पकड़ने के लिए छापामार कार्रवाई की जाएगी।