अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
फतेहाबाद के गांव गिल्लाखेड़ा में एक युवक व युवती से ग्रामीणों द्वारा की गई मारपीट व इसके बाद मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में सदर पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
बता दें कि पिछले दिनों गांव गिल्लाखेड़ा में एक युवती व युवक से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस वीडियो में गांव के कुछ लोग एक युवक व युवती को एक कमरे से मारते पीटते बाहर लेकर आते दिखाई दे रहे थे। इन लोगों ने पहले युवती और बाद में युवक को पीटा। यही नहीं, युवक को छुड़ाने आए उसके परिजन को भी गांव के लोगों ने जमकर पीटा। पूरा मामला सोशल मीडिया पर आने के बाद युवती ने इसकी शिकायत सदर पुलिस को दी। सदर पुलिस ने युवत की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मारपीट करने, मानहानि तथा आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया था। इस संबंध पुलिस ने विनोद, राजेन्द्र, किरपाल उर्फ पालू, मदन, महेन्द्र, देवेन्द्र व कश्मीर नाथ को काबू कर लिया है।