जाखल। जाखल मंडी के वार्ड नंबर 13 में जय महाकाली मंदिर वाली गली के एक घर में चोरों ने ताले तोड़कर लाखों रुपये के सोने चांदी के जेवर सहित कीमती सामान व नकदी को चोरी कर लिया। परिवार गर्मी की छुट्टियां बिताने चंडीगढ़ गया हुआ था। पीछे से आए चोरों ने घटना को अंजाम दे दिया। घटना का पता उस समय लगा जब पड़ोसियों ने घर के गेट पर लगे ताले को टूटा पाया। इसके बाद इसकी सूचना मकान मालिक को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। फिलहाल पुलिस गली में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर चोरों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
संजय कुमार पुत्र मुलख राज अपने परिवार सहित चंडीगढ़ में लिए अपने एक फ्लैट में छुट्टियां बिताने के लिए गया हुआ था। जिसके पीछे चोरों ने उक्त घटना को अंजाम दिया। पुलिस को दी गई शिकायत में संजय कुमार ने बताया कि घर पर उसकी पत्नी की करीब 5 तोले की एक सोने की चेन, आधा किलो चांदी के जेवर, एक स्कूटी एक्टिवा, एक एलईडी, एक कंप्यूटर-सीपीयू व स्क्रीन एक कैमरा सहित करीब 10 हजार रुपये की नकदी रखी हुई थी। जो की घटना में चोर चोरी कर ले गए हैं। जिसमें करीब ढाई लाख रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं घटना का पता उस समय लगा जब पड़ोसियों ने गेट पर लगे ताले को टूटा पाया। घटना की सूचना मिलने पर जाकर पुलिस थाना प्रभारी अवतार सिंह नगर पालिका प्रधान प्रतिनिधि नोहर चंद गोयल के साथ मकान पर पहुंचे व घटना को लेकर छानबीन की। पुलिस ने मकान में पाया कि चोरों ने पूरे मकान के अंदर इत्मीनान से सामान को खंगाल रखा था। जिसके बाद पुलिस ने फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम को भी बुलाया। जिसमें निरीक्षक रमेश कुमार ने घटना संबंधी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने फिलहाल घटना को लेकर छानबीन शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अवतार सिंह ने कहा कि चोरी की घटना को लेकर वह गली में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाल रहे हैं। उम्मीद है कि चोरों का जल्दी पता लगा लिया जाएगा। फिलहाल घटना को लेकर मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है।