टोहाना। किसानों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने आरोपियों की दुकान में रखी कनक की बोरियों से साढ़े 34 लाख रुपये बरामद किए है। अब तक गिरफ्तार अभिषेक और अनिल से पांच दिन के रिमांड के दौरान साढ़े 49 लाख रुपये बरामद किये जा चुके हैं। पुलिस ने आरोपियों को दोबारा न्यायालय मे पेश कर फिर से दो दिन के रिमांड पर लिया है। इस मामले में 39 किसानों ने धोखाधड़ी की शिकायत थाने में दी है। वहीं शहर थाना परिसर में पहुंचे एसपी विजय प्रताप सिंह ने पीड़ित किसानों ने मुलाकात की। एसपी ने मौके पर थाना प्रभारी संजय को इन किसानों की हर संभव मदद के आदेश दिये।
एसपी से बोले : साहब बच्चों की दवाई के रुपये भी नहीं रहे
जिला पुलिस कप्तान विजय प्रताप सिंह जब टोहाना शहर थाना पहुंचे तो इसकी भनक लगते ही आढ़तियों की ठगी का शिकार हुए किसान थाने में पहुंच गये। इस दौरान किसानों ने एसपी से कहा कि साहब जितनी मदद अब तक इस मामले में की है उससे संतुष्ट हैं लेकिन उनका पूरे रुपये बरामद करवा देने की गुहार लगाई। किसानों ने कहा कि साहब इन आढ़ती ने इतना कंगाल बना दिया कि बच्चों की दवाई के लिए भी रुपये नहीं बचे हैं। किसानों ने कहा कि साहब ये लोग रुपये क्रिकेट सट्टे में हारे है इसलिए बुक्कियों को पकड़कर उनसे रुपये बरामद करवाएं जाएं। एसपी ने बताया कि रुपये बरामद करवाने के लिए इनकी दुकानों को भी अटैच किया जा सकता है।
वर्जन
39 किसानों से 5 करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने आरोपियों को 5 दिन के रिमांड के बाद न्यायालय में पेश कियाहै। अब तक 49 लाख रुपये की रिकवरी हो चुकी है। दो दिन के लिए दोबारा रिमांड लिया है।
संजय कुमार, प्रभारी, शहर थाना।