अमर उजाला ब्यूरो
टोहाना।
दो दिन पहले किशोर को दुष्कर्म के आरोप में फंसाने वाली महिला अब खुद कानूनी शिकंजे में फंस गई है। महिला ने पहले किशोर पर झूठा मुकदमा दर्ज करवाया और बाद में केस वापिस लेने की एवज में 93 हजार रुपये ऐंठ लिए। टोहाना पुलिस ने किशोर के पिता की शिकायत पर महिला के खिलाफ ब्लैकमेलिंग का केस दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उससे ऐंठे गए 93 हजार रुपये भी बरामद कर लिए हैं और उसे अदालत में पेश किया। जहां अदालत ने महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पुलिस को दी शिकायत में अकांवाली निवासी वकील चंद ने बताया कि वह गांव अकावंाली में मिठाई का कार्य करता है उसके तीन बच्चे हैं। उसने बताया कि उसका 17 वर्षीय बेटा दसवीं कक्षा में फेल होने के कारण मिठाई की दुकान में कार्य करने में सहयोग करता था। उसने बताया कि वह मिठाई की दुकान के साथ-साथ किराए की टैक्सी चलाने का भी काम करता है। जिस कारण उसका बेटा साहिल कभी-कभी इमरजेंसी में किराए की टैक्सी पर काम कर लेता था।
उसने बताया कि एक कॉलोनी निवासी महिला उनके गांव में बाबा चैड़त सिंह के डेरे में आती जाती थी। कुछ समय बाद महिला उनकी दुकान पर आई। उसने कहा कि उसे टोहाना जाना है, गाड़ी में छोड़ आओ वह किराया दे देगी। जिस पर उसने कहा कि काम ज्यादा है आज समय नहीं है। महिला के बार-बार कहने पर उसने अपने लड़के को महिला को टोहाना छोड़ने के लिए भेज दिया। महिला ने उसके बेटे को बहला फुसला लिया। जिसके बाद वह उसके लड़के को उकलाना मंडी ले गई फिर वह वहां से सामान लेने के बाद वापिस टोहाना आ गई। 23 जनवरी को महिला ने उसके लड़के को उसके घर बुलाया तथा कहा कि उसे बाहर जाना है। लड़के ने उससे गाड़ी का किराया मांगा तो महिला ने कहा कि अगर किराया मांगा तो वह उसे झूठे मुकदमे में फंसा देगी, किराया न मिलने पर उसके बेटे ने महिला के साथ जाने से साफ इंकार कर दिया। इसी बात को लेकर महिला ने उसके बेटे पर शादी का झांसा देकर रेप करने का केस दर्ज करवा दिया।
इसके बाद महिला उसके भाई हरपाल सिंह को कोर्ट परिसर में मिली तो हरपाल सिंह ने पूछा कि तुमने भतीजे पर झूठा मुकदमा दर्ज क्यों करवाया है। महिला ने कहा कि वे उसे 10 लाख रुपये दे दे तो वे मुकदमे से बचा देगी। जिसके बाद बातों-बातों में महिला 1 लाख 30 हजार रुपये में समझौता करने पर राजी हो गई। जिस पर हरपाल सिंह ने कहा कि अभी उनके पास इतने पैसे नहीं है। अकांवाली आकर पैसे ले जाओ। वहां रुपये देंगे और तुम शपथ पत्र दे देना। महिला ने कहा कि वो अकावंाली नहीं आएगी। वह अपना शपथ पत्र लेकर ब्लाक समिति चेयरमैन भगवान सिंह के घर आकर पैसे ले जाएगी। जिस पर उसके भाई हरपाल सिंह ने डर के मारे हां कर दी और महिला शपथ पत्र लेने चली गई। हरपाल सिंह 93 हजार रुपये लेकर भगवान सिंह के घर गया तो महिला वहां पर मौजूद थी। रुपये लेने के बाद महिला ने अपना शपथ पत्र हरपाल सिंह को दे दिया। इसके बाद उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने महिला के खिलाफ केस दर्ज करके उसके गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने उससे रुपये बरामद करके अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस बारे में थाना सदर प्रभारी सोमवीर ढाका ने बताया कि पुलिस को वकील चंद ने शिकायत दी थी कि महिला ने उसके बेटे पर झूठा बलात्कार का मुकदमा दर्ज करवाकर रुपयों की मांग की है। जिसके बाद पुलिस ने महिला को 93 हजार रुपये को सहित काबू कर लिया तथा उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे हिसार जेल भेज दिया गया।