कनपटी और गले में दो गोलियां मारकर की गई थी भूना के ललित की हत्या, दोस्त पर शक
- बीते दिन खेतों में मिला था शव, मां ने बताया, घर से दोस्त बुलाकर ले गया था बेटे को
अमर उजाला ब्यूरो
भूना । सोमवार को संदिग्ध परिस्थिति में मृत मिले ललित कुमार को दो गोलियां मारकर उसकी हत्या की गई थी। यह खुलासा मंगलवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक ललित को एक गोली कनपटी तथा दूसरी गले में मारी गई थी। दोनों ही गोलियां मृतक के शरीर के आर-पार हो गई हैं। पुलिस ने मृतक की मां पिंकी देवी की शिकायत पर हत्या व शव को खुर्द -बुर्द करने का अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है लेकिन फिलहाल परिवार व पुलिस का शव मृतक के एक कथित दोस्त पर जा रहा है। मामले को लेकर साइबर सैल व पुलिस की टीमें लगातार जांच में जुटी हुई हैं।
ये है मामला :-
फतेहाबाद रोड पर बंसल कालोनी भूना निवासी वार्ड नंबर 2 की पिंकी देवी ने पुलिस शिकायत में बताया है कि उसका 16 वर्षीय बेटा ललित कुमार दसवीं कक्षा में पढ़ता था। पिंकी देवी के मुताबिक ललित को उसका दोस्त 24 फरवरी को घर से बुलाकर ले गया था और उसके बाद से ललित गायब था। इस बीच सोमवार 26 फरवरी की दोपहर बाद एक ग्रामीण ने खेत में एक युवक का शव पड़ा होने के बारे में पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस जांच अधिकारी बलदेव सिंह मौके पर पहुंचे और शव की जांच पड़ताल के दौरान इसकी पहचान ललित कुमार के रूप में हो गई। युवक की हत्या की सूचना मिलते ही बीते दिन घटना स्थल पर पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण, डीएसपी जगदीश काजला व एसएचओ रमेश कुमार भी मौके पर पहुंचे। इसके साथ-साथ फिंगर प्रिंट विशेषज्ञ डाक्टर जोगिन्द्र सिंह ने भी घटना स्थल पर आकर साक्ष्य जुटाए थे।
28 को मनाया जाना था बर्थडे :-
मृतक युवक की मां पिंकी ने बताया कि 28 फरवरी को ही ललित का जन्मदिन था और वो जन्मदिन को लेकर काफी उत्साहित भी था। लेकिन उससे पहले ही काल के क्रूर हाथों ने उसका इकलौता बेटा उससे छीन लिया। पिंकी देवी ने बताया कि उसके पिता रमेश कुमार शुगर मिल भूना में लिपिक पद पर तैनात थे और डयूटी के दौरान वर्ष 2004 में हार्ट अटैक आने से उनकी मौत हो गई थी जिसके बाद से वो खुद शुगर मिल में सेवादार पद पर लगी हुई थी। मगर शुगर मिल निजी हाथों में सौंपे जाने के दौरान वह बेरोजगार हो गई थी तथा भूना में पंतजलि के प्रोजैक्ट पर घर का गुजारा चला रही थी।
क्या कहते है एसएचओ :-
थाना प्रभारी रमेश कुमार किरमारा ने बताया कि ललित की गोली मारकर हत्या की गई है और शव को खेतों में फेंका गया है। इस लिए पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है और शीघ्र ही हत्या आरोपियों को हिरासत में ले लिया जाएगा। इसको लेकर साइबर क्राइम सैल की मदद ली जा रही है। उन्होंने बताया कि अभी अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है लेकिन जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा। पुलिस को इस मामले में कुछ लीड हाथ लगी हैं।