अमर उजाला ब्यूरो
टोहाना। भूना रोड स्थित डिफेंस डिग्री कॉलेज में बीए की परीक्षा दे रहे छात्र को इसी कालेज से नाम कटने वाले एक युवक द्वारा अपने साथी सहित परीक्षा केंद्र में घुसकर उसे जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित छात्र ने मामले की शिकायत सदर पुलिस को दे दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में गांव फतेहपुरी निवासी कर्मजीत ने बताया कि वह भूना रोड स्थित डिफेंस कालेज में बीए की पढ़ाई कर रहा है।
उसने बताया कि कॉलेज के ही एक छात्र आजाद सिंह का नाम कट चुका है। इन दिनों कालेज में बीए की उसकी परीक्षा चल रही है, जिसे देने के लिए वो कालेज में गया था। सुबह लगभग 9 बजकर 45 मिनट पर जब वह परीक्षा केंद्र में परीक्षा दे रहा था, तो अचानक उसी समय आजाद ङ्क्षसह एवं एक अन्य युवक जबरन उसके कमरे में घुस गए। जिसके बाद उसे जान से मारने की धमकी दी। परीक्षा के बाद घबराए छात्र ने घटना बारे परिजनों को बताया। परिजनों ने सदर पुलिस में पहुंचकर मामले की शिकायत दे दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आजाद सिंह व उसके साथी के खिलाफ केस दर्ज करके जांच आरंभ कर दी है। सदर थाना प्रभारी सोमवीर ढाका ने बताया कि आजाद सिंह पहले कालेज में ही पढ़ता था और उसका नाम कट चुका है। वह किसी रंजिशन परीक्षा केन्द्र में घुसा था। उसकी तलाश की जा रही है।