अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
बीती देर रात स्थानीय अनाजमंडी के पास सरसों के बैग चोरी करते हुए एक युवक लोगों के हत्थे चढ़ गया। कई दिनों से गेहूं और सरसों की चोरी से परेशान लोगों ने युवक की जमकर धुनाई की। इस दौरान किसी ने युवक की पिटाई की वीडियो बना ली और उसे वायरल कर दिया। वीडियो में कुछ लोग उक्त चोर के हाथ बांधकर उसे मारते दिखाई दे रहे हैं। चोरी करने के आरोपी की पहचान विकास निवासी भोडिय़ाखेड़ा के रूप में हुई है।
बताया गया है कि उसके साथ कुछ और युवक भी थे जो फरार होने में कामयाब हो गए। पुलिस ने आरोपी युवक को घायल अवस्था में फतेहाबाद के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया है। यहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने मौके से मोटरसाइकिल बरामद किया है। बताया गया है कि उसके साथ दो युवक भी शामिल थे, जो भागने में कामयाब हो गए। पुलिस ने मामले में आरोपी भोड़िय़ा खेड़ा निवासी विकास के खिलाफ चोरी के प्रयास के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले के अनुसार नई अनाजमंडी के पास स्थित वेयर हाउस के गोदाम में स्पेशल ड्यूटी लगी हुई है। सरसों के बैग का स्टॉक यहां पर लगाया जा रहा है। शुक्रवार रात को गोदाम के बाहर ट्रक लगे हुए थे। बताया जा रहा है कि इस दौरान एक युवक ट्रक पर चढ़कर सरसों के बैग नीचे फेंक रहा था। शोर सुनकर ट्रक ड्राइवर की जग गया और उसने शोर मचा दिया। नीचे खड़े दो युवक मौके से भाग गए और ट्रक पर खड़े युवक ने छलांग लगा दी। जिसे लोगों ने पकड़ लिया। जिसके बाद उसे रस्सी से बांधकर लोगों ने पीटा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपित युवक को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। मौके से पुलिस ने मोटरसाइकिल भी बरामद किया है।